Mann Ki Baat: गर्मी की छुट्टी में बच्चे समय का करें सदुपयोग, किसी भी नई पहल की करें शुरुआत – पीएम मोदी
Mann Ki Baat: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को मन की बात के जरिए देशवासियों को संबोधित करते हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी आज (30 मार्च 2025) मन की बात के जरिए देशवासियों से रूबरू होंगे। 'मन की बात' कार्यक्रम का 120 वां एपिसोड कुछ ही देर में प्रसारित किया जाएगा। पीएम मोदी इस कार्यक्रम के जरिए कई मुद्दों पर चर्चा करते हैं
Mann Ki Baat: 'मन की बात' कार्यक्रम आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्रों से प्रसारित होता है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार (30 मार्च 2025) को अपने रेडियो प्रोग्राम मन की बात के जरिए देशवासियों संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने देशवासियों को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाला महीना पूरी तरह से त्योहारों का महीना होगा। देश के अलग – अलग हिस्सों में कई त्योहार मनाए जाएंगे। ये त्योहार हमें बताते हैं कि भारत की विविधता में एकता पिरोई हुई है। हमें एकता के साथ आगे बढ़ना होगा। बता दें कि पीएम मोदी की मन की बात का ये 120वां एपिसोड है। पीएम मोदी इस कार्यक्रम के जरिए कई मुद्दों पर चर्चा करते हैं। इस कार्यक्रम के लिए देशवासियों से सुझाव मांगे गए थे। कार्यक्रम के लिए बड़े पैमाने पर सुझाव भी आए थे।
मन की बात' कार्यक्रम 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी सहित 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित किया जाता है। यह कार्यक्रम आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्रों से प्रसारित होता है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
उन्होंने कहा, 'आज कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में उगादि का पर्व बहुत धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज ही महाराष्ट्र में गुड़ी पड़वा मनाया जा रहा है। विविधता भरे हमारे देश में अलग-अलग राज्यों में अगले कुछ दिन में असम में 'रोंगाली बिहू', बंगाल में 'पोइला बोइशाख', कश्मीर में 'नवरेह' का उत्सव मनाया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि 13 से 15 अप्रैल के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में त्योहारों की जबरदस्त धूम दिखेगी। इसे लेकर भी उत्साह का माहौल है और ईद का त्योहार तो आ ही रहा है। यानी ये पूरा महीना त्योहारों का है, पर्वों का है। मैं देश के लोगों को इन त्योहारों की बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
गर्मी की छुट्टी में बच्चे कुछ नया सीखें – पीएम मोदी
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि आज बच्चे नए-नए प्लेटफ्रॉम से बहुत कुछ सीख सकते हैं। जैसे कोई टेक्नॉलाजी के बारे में सीख सकता है तो कोई थियटर या लीडरशिप क्वालिटी सीखा जा सकता है। ऐसे कई स्कूल हैं, जो स्पीच और ड्रामा सिखाते हैं। ये बच्चों को बहुत काम आते हैं। बच्चे गर्मियों की छुट्टियों में कई जगह चल रहे वॉलंटियर एक्टिविटीज सेवा कार्यों से जुड़ सकते हैं। अगर कोई संगठन, कोई स्कूल या सामाजिक संस्थाएं समर एक्टिविटी करवा रहे हों तो #MyHolidays के साथ हमारे साथ जरूर शेयर करें।
युवाओं को MY-Bharat के बारे में जानना बेहद जरूरी – पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि मैं युवा साथियों से MY-Bharat के उस खास कैलेंडर की भी चर्चा करना चाहूंगा। जिसे इस गर्मी की छुट्टियों के लिए तैयार किया गया है। मैं इस कैलेंडर से कुछ अनूठे प्रयासों को साझा करना चाहता हूं। जैसे, MY-Bharat के स्टडी टूर में आप यह जान सकते हैं कि हमारे जन औषधि केंद्र कैसे काम करते हैं। आप वाइब्रेंट विलेज अभियान का हिस्सा बनकर सीमावर्ती गांवों में एक अनोखा अनुभव ले सकते हैं।
इसके साथ ही, वहां संस्कृति और खेल गतिविधियों का हिस्सा भी जरूर बन सकते हैं। वहीं, अंबेडकर जयंती पर पदयात्रा में भाग लेकर आप संविधान के मूल्यों को लेकर जागरूकता भी फैला सकते हैं। बच्चों और उनके माता-पिता से मेरा विशेष आग्रह है कि वे अपनी छुट्टियों के अनुभव को #HolidayMemories के साथ जरूर साझा करें। मैं आपके अनुभवों को आगे आने वाली 'मन की बात' में शामिल करने का प्रयास करूंगा।
जल संरक्षण में आई तेजी
PM मोदी ने कहा कि गर्मी शुरू होते ही शहरों और गांवों में पानी बचाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। वॉटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी आई है। जलशक्ति मंत्रालय और स्वयंसेवी संस्थाएं इस दिशा में सक्रिय हैं। देशभर में कृत्रिम तालाब, चेक डैम, बोरवेल रीचार्ज और कम्युनिटी सोक पिट का निर्माण किया जा रहा है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि पिछले 7-8 वर्षों में टैंक, तालाब और अन्य वॉटर रीचार्ज स्ट्रक्चर के माध्यम से 11 अरब क्यूबिक मीटर से अधिक पानी संरक्षित किया गया है। यह आंकड़ा भाखड़ा नांगल बांध की गोविंद सागर झील की जल क्षमता (9-10 बिलियन क्यूबिक मीटर) से भी अधिक है। देशवासियों ने छोटे-छोटे प्रयासों से जल संरक्षण में बड़ा योगदान दिया है।
खेलो इंडिया पैरा गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन
पीएम मोदी ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। हरियाणा, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। इस आयोजन में दिव्यांग खिलाड़ियों ने 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए हैं। जिनमें से 12 रिकॉर्ड महिला खिलाड़ियों के नाम रहे। गोल्ड मेडल जीतने वाले आर्म रेसलर जॉबी मैथ्यू ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर अपने संघर्ष और दृढ़ संकल्प को साझा किया, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है।
फिटनेस और फिट रहने का भी जिक्र किया
पीएम मोदी ने इस दौरान फिटनेस और फिट रहने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एक भव्य आयोजन ने लोगों को बहुत प्रेरणा दी है, जोश से भर दिया है। एक अभिनव विचार के रूप में पहली बार फिट इंडिया कार्निवल का आयोजन किया गया। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों के करीब 25,000 लोगों ने हिस्सा लिया। इन सभी का एक ही लक्ष्य था- फिट रहना और फिटनेस को लेकर जागरूकता फैलाना।
योग को दिनचर्या में करें शामिल - पीएम मोदी
PM मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अब 100 दिन से भी कम समय बचा है। अगर आपने अभी तक योग को अपनी दिनचर्या में शामिल नहीं किया है, तो अब इसे अपनाने का सही समय है। बता दें कि पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था। आज यह एक वैश्विक महोत्सव का रूप ले चुका है।