Marco Rubio Visit: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो बुधवार को गुजरात के जामनगर पहुंचे। उन्होंने यहां रिलायंस इंडस्ट्रीज के रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। इस दौरान एनर्जी, नई तकनीक और अमेरिकी कंपनियों के साथ कारोबार बढ़ाने पर चर्चा हुई।

Marco Rubio Visit: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो बुधवार को गुजरात के जामनगर पहुंचे। उन्होंने यहां रिलायंस इंडस्ट्रीज के रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। इस दौरान एनर्जी, नई तकनीक और अमेरिकी कंपनियों के साथ कारोबार बढ़ाने पर चर्चा हुई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने रुबियो का स्वागत किया। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ थे।
दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी का दौरा
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने जामनगर में दुनिया की सबसे बड़ी एक ही जगह पर बनी ऑयल रिफाइनरी देखी। यहां उन्हें रिफाइनरी की क्षमता, आधुनिक तकनीक और कामकाज के बारे में जानकारी दी गई।
रुबियो और गोर को रिलायंस की नई एनर्जी गीगा-फैक्ट्रियों के बारे में भी बताया गया। इन्हें अलग-अलग चरणों में शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा, निर्माणाधीन डेटा सेंटर भी दिखाए गए। रिलायंस के मुताबिक, इन प्रोजेक्ट्स के जरिए कंपनी एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में अपना निवेश बढ़ा रही है।
जामनगर को बड़ा टेक्नोलॉजी हब बनाने की तैयारी
मुकेश अंबानी और अनंत अंबानी ने जामनगर को लेकर कंपनी की भविष्य की योजनाएं साझा कीं। रिलायंस इस कॉम्प्लेक्स को डीप-टेक, नई खोज और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है।
दौरे के दौरान दुनिया में ऊर्जा की मांग और सप्लाई से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसमें सस्ती और भरोसेमंद ऊर्जा, नई तकनीक और मजबूत सप्लाई चेन जैसे विषय शामिल थे। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए जरूरी निवेश पर भी बात हुई।
डेटा सेंटर के लिए बिजली पर भी चर्चा
बैठक में एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के बीच बढ़ते संबंधों पर भी बात हुई। डेटा सेंटर चलाने के लिए भरोसेमंद बिजली जरूरी है। डिजिटल इकोनॉमी के विस्तार के साथ इसकी जरूरत भी बढ़ रही है।
अंबानी परिवार ने अमेरिकी कंपनियों के साथ कारोबारी साझेदारी की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। दोनों देशों की कंपनियां टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में एक-दूसरे की ताकत का फायदा उठा सकती हैं।
वेनेजुएला के तेल पर बयान के अगले दिन पहुंचे रुबियो
मार्को रुबियो जामनगर में कुछ घंटे बिताने के बाद अमेरिका रवाना हो गए। उनका यह दौरा ऐसे समय हुआ, जब एक दिन पहले उन्होंने भारत को कच्चे तेल की रिफाइनिंग में सुपरपावर बताया था। उन्होंने भारत से वेनेजुएला का ज्यादा तेल रिफाइन करने की अपील भी की थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।