VIDEO: सोनमर्ग में कुदरत का कोहराम, कैमरे में कैद हुआ बर्फ के तूफान का भयानक वीडियो; सैकड़ों घर और गाड़ियां दबे!

Sonamarg Avalanche: वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे पहाड़ की चोटी से बर्फ का एक विशाल सैलाब तेजी से नीचे की ओर बढ़ता है। कुछ ही सेकंड में सोनमर्ग में बने होटल और घर सफेद धुंध में ओझल हो जाते है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि जमीन कांपने लगी थी

अपडेटेड Jan 28, 2026 पर 7:36 AM
Story continues below Advertisement
इस कुदरती आपदा का खौफनाक वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है, जिसमें बर्फ के गुबार को इमारतों को निगलते हुए देखा जा सकता है

Sonamarg Avalanche: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग स्थित सरबल इलाके में मंगलवार रात एक खतरनाक हिमस्खलन (Avalanche) की घटना हुई। रात करीब 10:12 बजे पहाड़ों से उतरी बर्फ की विशाल दीवार ने रिहायशी घरों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने अभी तक किसी भी जान-माल के नुकसान या चोट की पुष्टि नहीं की है। घाटी में पिछले दो दिनों से जारी भारी बर्फबारी के बाद पहले ही 'हाई-इंटेंसिटी एवलांच' की चेतावनी जारी की गई थी। इस कुदरती आपदा का खौफनाक वीडियो सीसीटीवी (CCTV) में कैद हो गया है, जिसमें बर्फ के गुबार को इमारतों को निगलते हुए देखा जा सकता है।

सीसीटीवी में कैद हुआ दिल दहला देने वाला मंजर

वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे पहाड़ की चोटी से बर्फ का एक विशाल सैलाब तेजी से नीचे की ओर बढ़ता है। कुछ ही सेकंड में सोनमर्ग के लोकप्रिय पर्यटन स्थल के पास बने होटल और घर सफेद धुंध में ओझल हो जाते है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि जमीन कांपने लगी थी।


बचाव दल और आपदा प्रबंधन की टीमें (SDRF) मौके पर तैनात हैं और बर्फ हटाने का काम जारी है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे ऊंचे ढलानों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहें, क्योंकि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 24 घंटों में और अधिक हिमस्खलन की संभावना है।

बर्फ से घिरी कश्मीर घाटी, फ्लाइट्स और हाईवे बंद

भारी बर्फबारी ने पूरी कश्मीर घाटी का संपर्क देश के बाकी हिस्सों से काट दिया है। विजिबिलिटी कम होने और रनवे पर बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सभी 58 उड़ानें (29 आगमन और 29 प्रस्थान) रद्द कर दी गई हैं। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे-44 पर काजीगुंड और बनिहाल के पास नवयुग टनल पर बर्फ जमा होने के कारण यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। उड़ानों और सड़क मार्ग के बंद होने से घाटी में घूमने आए सैकड़ों सैलानी बीच रास्ते में या होटलों में फंस गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।