मेट्रो जल्द पटना की लाइफ लाइन बनने जा रही है। शहर के ज्यादातर हिस्सों के लोगों को मेट्रो की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए काम पूरी रफ्तार से चल रहा है। खेमनीचक पटना मेट्रो का पहला इंटरचेंज स्टेशन होगा। यहां से मेट्रो की दो लाइनें गुजरेंगी।

मेट्रो जल्द पटना की लाइफ लाइन बनने जा रही है। शहर के ज्यादातर हिस्सों के लोगों को मेट्रो की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए काम पूरी रफ्तार से चल रहा है। खेमनीचक पटना मेट्रो का पहला इंटरचेंज स्टेशन होगा। यहां से मेट्रो की दो लाइनें गुजरेंगी।
खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन से बदल सकेंगे मेट्रो के रूट
मोईनुल हक स्टेडियम से पटना जंक्शन के बीच के मेट्रो कॉरिडोर में पांच अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। इन पर भी तेजी से काम चल रहा है। सूत्रों ने बताया कि खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन से यात्रियों को मेट्रो लाइन बदलने की सुविधा मिलेगी। इस प्रोजेक्ट के दिसंबर तक पूरा हो जाने की उम्मीद है।
अभी शहर में मलाही से पकड़ी तक चल रही है मेट्रो रेल
खेमनीचक एक तरफ मीठापुर की ओर जाने वाला रूट से कनेक्टेड होगा तो दूसरी तरफ यह मलाही पकड़ी रूट से जुड़ा होगा। इस रूट से मेट्रो राजेंद्रनगर, मोईनुल हक स्टेडियम, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी होते हुए पटना जंक्शन तक जाएगी। अभी मेट्रो मलाही पकड़ी तक चल रही है। खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन शुरू होने के बाद यात्रियों को यहां से दोनों दिशा की मेट्रो में सफर करने की सुविधा मिलेगी।
खेमनीचक से मीठापुर का स्ट्रेच एलिवेटेड होगा
खेमनीचक से मीठापुर का स्ट्रेच करीब 3.1 किलोमीटर लंबा है। इस रूट में जगनपुरा, रामकृष्णानगर और मीठापुर स्टेशन आएंगे। यह पूरा हिस्सा एलिवेटेड होगा। इस रूट पर एलिवेटेड ट्रैक का बड़ा हिस्सा तैयार हो चुका है। अब स्टेशनों का बाहरी ढांचा बनाया जा रहा है। इस हिस्से को आगे पटना जंक्शन की दिशा से कनेक्ट करने का प्लान है। इस रूट के आसपास कई शिक्षण संस्थान स्थित हैं। इसलिए छात्रों के लिए यह रूट काफी अहम होगा। मीठापुर तक मेट्रो शुरू करने का टारगेट अगले साल के मध्य तक है।
मोईनुल हक स्टेडियम से पटना जंक्शन का कॉरिडोर काफी महत्वपूर्ण
मेट्रो के अंडरग्राउंड हिस्सों में मोईनुल हक स्टेडियम से पटना जंक्शन के बीच का कॉरिडोर काफी महत्वपूर्ण है। इस कॉरिडोर में पांच भूमिगत स्टेशनों पर फिनिशिंग का काम चल रहा है। इनमें मोईनुल हक स्टेडियम, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी स्टेशन शामिल हैं। सिविल फिनिशिंग के बाद इलेक्ट्रिकल काम और ट्रैक बिछाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस पूरे हिस्से को 2028 तक चालू करने का टारगेट है। राजेंद्रनगर स्टेशन की फिनिशिंग का काम भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
पटना जंक्शन को सबसे बड़ा इंटरचेंज बनाने का प्लान
पटना मेट्रो के पूरे नेटवर्क में पटना जंक्शन स्टेशन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। यह दूसरा और सबसे बड़ा इंटरचेंज स्टेशन होगा। भूमिगत बनने वाला यह स्टेशन तीन तल्ले का होगा। यहां दोनों कॉरिडोर की मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। पटना जंक्शन से रुकनपुरा तक भूमिगत मेट्रो के लिए टनल निर्माण का काम नवंबर से शुरू होने की संभावना है। रुकनपुरा से पाटलिपुत्र स्टेशन होते हुए दानापुर तक एलिवेटेड हिस्से का निर्माण चल रहा है।
अभी शहर के मेट्रो कॉरिडोर पर चल रहा काम
पटना मेट्रो परियोजना में फिलहाल दो प्रमुख कॉरिडोर पर निर्माण कार्य चल रहा है। कॉरिडोर-1 दानापुर से खेमनीचक तक प्रस्तावित है। दानापुर से सगुना मोड, आरपीएस मोड़ होते हुए पाटलिपुत्र तक एलिवेटेड, जबकि रुकनपुरा, राजाबाजार, पटना जू, विकास भवन, विद्युत भवन और पटना जंक्शन तक भूमिगत हिस्सा होगा। इसके बाद मीठापुर, रामकृष्णानगर, न्यू जगनपुरा और खेमनीचक तक एलिवेटेड मेट्रो पहुंचेगी।
पटना जंक्शन से राजेंद्रनगर का कॉरिडेर अंडर ग्राउंड होगा
कॉरिडोर-2 पटना जंक्शन से न्यू आईएसबीटी तक है। पटना जंक्शन से राजेंद्रनगर तक का हिस्सा भूमिगत होगा। इसमें पटना जंक्शन, आकाशवाणी, गांधी मैदान, पीएमसीएच, पटना यूनिवर्सिटी, मोईनुल हक स्टेडियम और राजेंद्रनगर स्टेशन शामिल होंगे।
पटना के लोगों की लाइफ लाइन बन जाएगा मेट्रो
मलाही पकड़ी, खेमनीचक, भूतनाथ, जीरो माइल और न्यू आईएसबीटी तक एलिवेटेड मेट्रो चल रही है। इस कॉरिडोर के न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी तक मेट्रो का परिचालन शुरू हो चुका है। अगले साल तक पटना सिटी में मेट्रो शहर का काफी नेटवर्क तैयार हो जाएगा। इससे लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
(पटना से सच्चिदानंद की रिपोर्ट)
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।