दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहन चलाने वालों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी में चार्जिंग की सुविधा बढ़ाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भारी उद्योग मंत्रालय (MHI) ने EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 382 जगहों को मंजूरी दी है। इनमें से 160 से 180 साइट्स पर पहले फेस में काम शुरू करने की तैयारी है और जल्द ही इनके लिए टेंडर जारी किया जाएगा।
456 जगहों में से 382 को मिली मंजूरी
• दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग और दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने EV चार्जिंग के लिए 456 जगहों की पहचान की थी।
• इनमें से 382 जगहों को MHI की मंजूरी मिली है।
• साइट्स को अब दो-पहिया, तीन-पहिया और चार-पहिया वाहनों की जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जाएगा।
इन साइट्स पर जल्द शुरू होगा काम
पिछले तीन महीनों में इन सभी 382 जगहों की दोबारा जांच की गई है। इसमें साइट की कंडीशन, बिजली की सुविधा और अलग-अलग तरह के वाहनों के लिए चार्जिंग की जरूरत को देखा गया। इस काम को संभालने के लिए सरकार ने KPMG को जिम्मेदारी दी है।
सरकार अब उन साइट्स को पहले चुनेगी जो चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ऐसे 160 से 180 स्थानों के पहले बैच के लिए जल्द टेंडर निकाला जाएगा। इसके बाद बाकी मंजूर जगहों पर भी धीरे-धीरे काम शुरू किया जाएगा।
EV पॉलिसी में चार्जिंग सुविधा बढ़ाने की तैयारी है
इन चार्जिंग साइट्स की योजना बनाते समय आने वाले EV नियमों को भी ध्यान में रखा गया है। दिल्ली EV पॉलिसी के तहत 1 जनवरी 2027 से थ्री-व्हीलर और N1 श्रेणी के हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक रजिस्ट्रेशन का गोल है। वहीं, 1 अप्रैल 2028 से टू-व्हीलर के लिए भी 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक रजिस्ट्रेशन का प्रावधान है।
बिजली मंत्री आशीष सूद ने कहा कि EV को बढ़ावा देने के लिए सिर्फ छूट और आर्थिक मदद काफी नहीं है। लोगों को आसानी से चार्जिंग की सुविधा मिलना भी जरूरी है।
सरकार ऐसा चार्जिंग नेटवर्क तैयार करना चाहती है, जहां हर तरह के EV के लिए चार्जिंग की सुविधा मिले। इससे लोगों को रास्ते में चार्जिंग खत्म होने की चिंता कम होगी।