अमेरिका- ईरान जंग में अब तक 8 भारतीयों की मौत! विदेश मंत्रायल ने दी ये बड़ी जानकारी

US-Iran War: विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अलग-अलग घटनाओं में आठ भारतीयों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। दिल्ली में हुई एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने कहा कि हाल ही में कुवैत में हुए एक हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई

अपडेटेड Mar 30, 2026 पर 11:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध बीते एक महीने से जारी है।

ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध बीते एक महीने से जारी है। इस युद्ध से हुए नुकसान से भारत भी अछूता नहीं रहा। युद्ध प्रभावित क्षेत्र में जंग की वजह से अबतक 8 भारतीयों की जान जा चुकी हैं। बता दें कि, सोमवार को ईरान की ओर से किए गए हमले में कुवैत के एक बिजली और वॉटर डिसेलिनेशन संयंत्र पर काम कर रहे एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई।

8 भारतीयों की मौत

विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अलग-अलग घटनाओं में आठ भारतीयों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। दिल्ली में हुई एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने कहा कि हाल ही में कुवैत में हुए एक हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कुवैत में भारतीय दूतावास लगातार परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि शव को जल्द से जल्द भारत लाया जा सके।


अब तक 5 लाख से ज्यादा लोगों की हुई वापसी

इससे पहले 20 मार्च को विदेश मंत्रालय ने छह लोगों की मौत और एक व्यक्ति के लापता होने की जानकारी दी थी। ताज़ा आंकड़ों से साफ है कि संघर्ष वाले इलाकों में फंसे भारतीयों के लिए हालात और मुश्किल होते जा रहे हैं। इसके अलावा, सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की कि 18 मार्च की हाल की घटनाओं के कारण रियाद में एक और भारतीय नागरिक की मौत हो गई। इन चुनौतियों के बावजूद, लोगों को सुरक्षित निकालने और यात्रा की व्यवस्था लगातार जारी है। 28 फरवरी से अब तक करीब 5.5 लाख लोग इस क्षेत्र से भारत वापस आ चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि जो लोग अभी भी वहां फंसे हैं, उनकी मदद के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

भारत ने की शांति की अपील

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत का रुख साफ करते हुए कहा कि देश लगातार शांति और कूटनीतिक बातचीत पर जोर दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील कर रहा है, ताकि इस संघर्ष को जल्द खत्म किया जा सके। इस बीच, नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को मोहम्मद बिन सलमान से बात की। दोनों नेताओं ने मौजूदा हालात पर चर्चा की और समुद्री रास्तों की आवाजाही को खुला और सुरक्षित बनाए रखने पर सहमति जताई। भारत ने यह भी दोहराया कि इस क्षेत्र में ऊर्जा से जुड़े ढांचे पर होने वाले हमलों का वह कड़ा विरोध करता है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए एक विशेष कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहा है और भारतीय दूतावास लगातार सलाह जारी कर रहे हैं। साथ ही वहां रह रहे भारतीयों और कंपनियों के संपर्क में भी बने हुए हैं। छात्रों की पढ़ाई में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई और केरल बोर्ड के छात्र शामिल हैं। इसके अलावा जेईई और नीट की तैयारी कर रहे छात्रों की भी मदद की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।