Milk Price Hike Today: महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को आज यानी गुरुवार (12 नवंबर) से एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है। अब दूध खरीदने के लिए आपको अपनी जेब और ढीली करनी होगी। प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें आज गुरुवार से लागू होंगी। इन कंपनियों ने दूध की खरीद कीमतों में इजाफा और ईंधन खर्च बढ़ने सहित उत्पादन लागत में इजाफे को इस वृद्धि का कारण बताया है।
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) और मदर डेयरी ने इससे पहले इस साल मई में दूध की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की थी। वहीं, पिछले महीने कर्नाटक के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड नंदिनी ने अपने उत्पादों के दाम बढ़ाए थे। दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर असर पड़ने के साथ खाद्य महंगाई भी बढ़ सकती है।
अमूल ने 4-5 फीसदी तक बढ़ाए दाम
अमूल ब्रांड के तहत दूध बेचने वाले GCMMF ने बुधवार को बयान में कहा कि उसने 12 नवंबर, 2026 से दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। सहकारी संस्था ने देशभर में दूध के दाम में चार से पांच प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। GCMMF ने कहा, "हमारे सबसे अधिक बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (तीन प्रतिशत फैट) की कीमत में केवल दो रुपये प्रति लीटर (3.3 प्रतिशत) की वृद्धि की गई है। जबकि छह प्रतिशत वसा वाले अमूल गोल्ड दूध की कीमत चार रुपये प्रति लीटर (5.5 प्रतिशत) बढ़ाई गई है।"
GCMMF ने कहा कि दूध उत्पादन और प्रसंस्करण की लागत में भारी वृद्धि के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं। इस साल हरे और सूखे चारे, पशु आहार, दूध की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली फिल्म और ईंधन की लागत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सहकारी संस्था ने कहा, "गुजरात के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण मौजूदा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हमें दूध की उपभोक्ता कीमतें बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ा है, ताकि अपने दुग्ध उत्पादकों को बेहतर कीमत दे सकें और इस कठिन समय में उनका समर्थन कर सकें।" जीसीएमएमएफ ने बताया कि पिछले एक साल में उसके सदस्य संघों ने किसानों से दूध खरीद की कीमतों में चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि की है। कीमतों में इस तरह का एक और संशोधन किसानों को और सहायता प्रदान करेगा।
मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के रेट
दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से अपने सभी प्रकार के पैकेट और खुले दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। मदर डेयरी ने बयान में कहा कि देश के कई हिस्सों में मानसून की असमान स्थिति से हरे और सूखे चारे की उपलब्धता प्रभावित हुई है। पिछले एक साल में चारे की कीमतें 20 प्रतिशत तक और पशु आहार के दाम करीब 10 प्रतिशत बढ़े हैं। इससे डेयरी किसानों के लिए दूध की उत्पादन लागत बढ़ी है। कंपनी ने कहा कि महंगाई के दबाव के कारण पैकेजिंग, परिवहन और अन्य परिचालन लागत में भी 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। इन लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण दूध की कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया था।
'लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ा'
मदर डेयरी ने कहा कि किसानों से दूध खरीदने की कीमतें बढ़ने के कारण उसे लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मदर डेयरी के टोंड दूध (बड़ी मात्रा में बिक्री वाले) की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है। फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर होगी। पाउच वाले टोंड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डबल टोंड दूध अब 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
गाय के दूध की कीमत भी 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में अपने बिक्री केंद्रों, सामान्य खुदरा दुकानों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। देशभर में कंपनी की कुल दैनिक बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है। नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस (NSO) के अनुसार, खाद्य महंगाई दर सितंबर में बढ़कर 7.74 प्रतिशत हो गई, जो इससे पिछले महीने 5.97 प्रतिशत थी।
वर्ष 1973 में स्थापित जीसीएमएमएफ अमूल और सागर ब्रांड के तहत 18 सहकारी समितियों के डेयरी उत्पादों का मार्केटिंग करने वाली शीर्ष संस्था है। अमूल दुनिया की सबसे बड़ी किसान-स्वामित्व वाली डेयरी सहकारी संस्था है, जिसके 36 लाख सदस्य हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में अमूल का ब्रांड कारोबार एक लाख करोड़ रुपये के आंकड़े पर पहुंच गया। इस उपलब्धि के साथ वह ऐसा करने वाली भारत की पहली रोजमर्रा के उपभोग का सामान (एफएमसीजी) बेचने वाली कंपनी बन गई। जीसीएमएमएफ ने पिछले वित्त वर्ष में 73,450 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया था।
मदर डेयरी का कारोबार पिछले वित्त वर्ष में 17 प्रतिशत बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में सुधार से यह वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 1974 में शुरू हुई मदर डेयरी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। कंपनी 'मदर डेयरी' ब्रांड के तहत दूध और दुग्ध उत्पाद बेचती है। वहीं, खाद्य तेलों का विपणन 'धारा' ब्रांड के तहत करती है। ताजा फल एवं सब्जियां, फ्रोजन सब्जियां, स्नैक्स, पल्प और कंसंट्रेट 'सफल' ब्रांड के तहत बेचे जाते हैं।