Monsoon Watch: देशभर में मानसून का कहर! दिल्ली में गर्मी से राहत, मुंबई में 'रेड अलर्ट', इन 4 राज्यों में 9 जुलाई तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी

India Monsoon Watch: भारत के कई हिस्सों में मानसून की जोरदार बारिश जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में देश के बड़े हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान लगाया है। दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके बाद IMD ने आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है

अपडेटेड Jul 05, 2026 पर 7:40 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
India Monsoon Watch: मुंबई में भारी बारिश के बाद मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है

India Monsoon Watch: देशभर में मानसून अब पूरी रफ्तार में है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जबकि दिल्ली-एनसीआर में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) यानी IMD ने अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और केरल के कई इलाकों में 'रेड अलर्ट' घोषित किया गया है।

फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। IMD के मुताबिक, आने वाले कुछ दिन देश के कई हिस्सों में भारी बारिश वाले रहने की आशंका है।

दिल्ली में बारिश से राहत


राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। IMD के अनुसार, 9 जुलाई तक दिल्ली में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम रहा। बारिश के बाद लगातार बादल छाए रहने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

मुंबई में बारिश बनी आफत

मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कई सड़कों पर जलभराव हो गया। ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा। 'रेड अलर्ट' को देखते हुए BMC ने स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी। शहर में पेड़ गिरने, दीवार और मकान ढहने जैसी कई घटनाएं सामने आई हैं। पड़ोसी पालघर जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से 6 साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि जलभराव वाले इलाकों से 180 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

अगले 4 से 5 दिन भारी बारिश की चेतावनी

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बना मजबूत निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 4 से 5 दिनों तक मध्य भारत समेत कई राज्यों में भारी बारिश कराएगा। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और उत्तर अरब सागर के बाकी हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से कोंकण, गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

हिमाचल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। सोमवार 6 जुलाई को मंडी और सिरमौर तथा मंगलवार 7 जुलाई को चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य में 11 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

4 राज्यों में 'रेड अलर्ट' जारी

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और केरल के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पंजाब में भी भारी बारिश हुई है। जबकि गुजरात के जूनागढ़ में कई इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। केरल में नदियों और बांधों का जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़, भूस्खलन और समुद्री कटाव की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के और मजबूत होने की आशंका जताई गई है, जिससे अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें देखने को मिल सकती हैं।

ओडिशा में भारी बारिश का पूर्वानुमान

IMD ने शनिवार को ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए पांच जिलों के लिए 'रेड अलर्ट’ जारी किया है। इसके बाद, राज्य सरकार ने संबंधित सभी विभागों को संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न वायु दाब का क्षेत्र बनने के कारण राज्य में पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है।

आईएमडी ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कालाहांडी, बौध, अंगुल, संबलपुर और सोनपुर जिलों के लिए 'रेड अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा 21 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट’ तथा शेष चार जिलों के लिए 'येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न वायु दाब का क्षेत्र अभी भी उसी इलाके में बना हुआ है। इसके अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है।

उन्होंने बताया कि ओडिशा में सात जुलाई तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। शहरी क्षेत्रों में जलभराव और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना के संबंध में राज्य सरकार को तत्काल सूचना देने को कहा गया है।

जिला प्रशासन को कच्ची सड़कों, संवेदनशील ढांचों, बागवानी फसलों और खड़ी फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार ने मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को चार से सात जुलाई तक ओडिशा तट और उससे लगे समुद्री क्षेत्रों में मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की सलाह दी है।

ठाणे और पालघर के कई हिस्सों में भारी बारिश से जलभराव

मुंबई के दो पड़ोसी जिलों, ठाणे और पालघर में शनिवार को भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से निचले इलाकों में जलभराव हो गया। पेड़ गिरने की कई घटनाएं सामने आईं। इस वजह से आम जनजीवन और यातायात भी प्रभावित हुआ है। ठाणे शहर में सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर एक बजकर 30 मिनट के बीच 65.79 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड गई, जिससे इस मौसम में अब तक कुल 829.84 मिलीमीटर बारिश हुई है। जबकि पालघर जिले में इसी अवधि के दौरान 97.70 मिलीमीटर बारिश हुई, जिससे यहां इस मौसम में अब तक कुल 643.10 मिलीमीटर बारिश हुई है।

ठाणे जिले में कल्याण, भिवंडी, नवी मुंबई और बदलापुर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। कलवा में एक पेड़ गिरने से दो मोटर वाहन चालक घायल हो गए। जबकि नवी मुंबई के वाशी में पेड़ गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि दोनों घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ। पालघर जिले के वसई में बाढ़ प्रभावित घरों से फंसे हुए निवासियों को बाहर निकालने के लिए आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया गया। इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर यातायात बाधित होने की सूचना मिली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।