Get App

MP Building Collapses: मध्य प्रदेश के अनूपपुर में 4 मंजिला बिल्डिंग गिरने से दो लोगों की मौत, हादसे के वक्त जान बचाकर भागते दिखे लोग

MP Building Collapses: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिलाधिकारी हर्षल पंचोली ने बताया कि 5 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इसमें से 2 लोगों की मृत्यु हो गई है। जबकि 3 लोगों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि NDRF-SDRF की टीमें और जिला प्रशासन यहां रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा हुआ है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Apr 05, 2026 पर 7:29 AM
MP Building Collapses: मध्य प्रदेश के अनूपपुर में 4 मंजिला बिल्डिंग गिरने से दो लोगों की मौत, हादसे के वक्त जान बचाकर भागते दिखे लोग
MP Building Collapses: ढही इमारत की पहचान बस स्टैंड के पास स्थित 'अग्रवाल लॉज' के रूप में हुई है

MP Building Collapses: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा कस्बे में शनिवार (4 अप्रैल) रात एक चार मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, सात से 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि ढही इमारत की पहचान बस स्टैंड के पास स्थित 'अग्रवाल लॉज' के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इमारत गिरने के दौरान विस्फोट जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में धूल का गुबार छा गया।

अनूपपुर के SP मोती-उर-रहमान ने पत्रकारों को बताया कि दो व्यक्ति मृत पाए गए हैं। जबकि 7-10 अन्य लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दुर्घटना को दुखद बताते हुए कहा कि अधिकारियों को घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने और राहत एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय बस स्टैंड पर यात्री मौजूद थे। वहीं, पास के एक भूखंड पर निर्माण कार्य भी चल रहा था। अनूपपुर जिलाधिकारी हर्षल पंचोली ने बताया, "5 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिसमें से 2 लोगों की मृत्यु हो गई है और 3 लोगों का इलाज चल रहा है। NDRF-SDRF की टीम और जिला प्रशासन यहां रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा हुआ है। अगले 2-3 घंटे में मलबे में फंसे और लोगों को रेस्क्यू करने का काम कर लिया जाएगा...जांच की जा रही है।"

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कहा, "इमारत करीब 10 वर्ष पुरानी थी। आसपास चल रहा निर्माण कार्य भी इस घटना का कारण हो सकता है।" अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने एसईसीएल की जमुना कोतमा इकाई और एक कोयला खनन कंपनी जेएमएस से विशेषज्ञ बचाव दलों को मौके पर बुलाया है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें