MP incident: ग्वालियर में आधी रात को मौत बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रक, शीतला माता मंदिर के पास 14 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 28 घायल, PM मोदी ने जताया दुख

Gwalior incident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में शनिवार (17 अक्टूबर) देर रात एक मंदिर के पास खड़े श्रद्धालुओं को एक ट्रक ने कुचल दिया, जिससे 14 लोगों की मौत हो गई और करीब 28 अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना देर रात करीब डेढ़ बजे शीतला माता मंदिर मार्ग पर हुई, जब ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद ट्रक ने वहां खड़े और बैठे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी

अपडेटेड Oct 18, 2026 पर 11:23 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Gwalior incident: ग्वालियर में तेज रफ्तार ट्रक ने करीब 50 श्रद्धालुओं को कुचल दिया

Gwalior incident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में रविवार (18 अक्टूबर) तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि 40 अन्य घायल हो गए। ग्वालियर जिले में रविवार (18 अक्टूबर) तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने शीतला माता मंदिर के बाहर कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया। फिर मंदिर के एंट्री गेट से टकरा गया। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। जबकि 28 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसे में मंदिर की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई।

घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे चिनोर रोड पर ढलान के पास स्थित शीतला माता मंदिर के बाहर हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के रजिस्ट्रेशन नंबर वाले ट्रक के प्रतिबंधित क्षेत्र में एंट्री करने से मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि हादसा शीतला माता मंदिर के पास उस समय हुआ, जब श्रद्धालु मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धान से लदा एक बेकाबू ट्रक पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ते हुए श्रद्धालुओं के बीच जा घुसा और करीब 40 से अधिक लोगों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक मंदिर के गेट और बाहरी दीवार से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।


मंदिर के एंट्री गेट को टक्कर मारी

अधिकारियों ने बताया कि ट्रक ने कई श्रद्धालुओं और सड़क किनारे स्थित दुकानों को टक्कर मारने के बाद मंदिर के एंट्री गेट को टक्कर मार दी। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने आशंका जताई कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए होंगे। इसके बाद चालक ने वाहन पर नियंत्रण पाने की कोशिश में उसे बाईं ओर मोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यदि ट्रक सीधे आगे बढ़ता, तो 600 से 700 श्रद्धालु उसकी चपेट में आ सकते थे।

14 लोगों की मौत की पुष्टि

ग्वालियर रेंज के कार्यवाहक पुलिस महानिरीक्षक असित यादव ने पीटीआई को बताया कि हादसे में 14 लोगों की मौत हुई है और 28 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि टक्कर के प्रभाव से मंदिर के बाईं ओर की दीवार गिर गई। इससे पहले, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हादसे में करीब 40 लोगों के घायल होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया और उसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। यादव से जब पूछा गया कि ट्रक प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे दाखिल हुआ, तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में हुई चूक की जांच की जाएगी।

लोगों ने जताई नाराजगी

हादसे के बाद शवों और घायलों को ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर सहित विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। ट्रॉमा सेंटर में पोस्टमार्टम केंद्र के पास मृतकों के परिजन एकत्र हुए और हादसे को लेकर नाराजगी जताई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि भारी ट्रक उस इलाके में कैसे पहुंच गया जहां साइकिल तक का निकलना मुश्किल है। हादसे में जान गंवाने वाली सरला तोमर के भतीजे लोकेन्द्र सिंह तोमर ने सवाल किया कि सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद ट्रक को मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति कैसे मिली।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उनकी बुआ मंदिर में दर्शन करने जा रही थीं। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगा। हादसे में जान गंवाने वालों में ग्वालियर के हजीरा क्षेत्र के गड़ईपुर निवासी 23 वर्षीय पवन राठौर भी शामिल हैं। उनका परिवार गहरे शोक के बीच शव अपने साथ ले गया। घायल श्रद्धालु निकेश के रिश्तेदार संदीप ने बताया कि परिवार को सुबह करीब पांच बजे फोन आया कि निकेश मंदिर में हादसे में घायल हो गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने पर निकेश की हालत गंभीर थी, उसके दोनों पैर टूट गए हैं और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।

हादसे में जान गंवाने वाले दिव्यांश की परिजन सावित्री ने बताया कि मंदिर में दर्शन के बाद समूह के बाहर आने पर परिवार को दिव्यांश के लापता होने का पता चला। उन्होंने उसकी तलाश की और पुलिस को भी सूचना दी, लेकिन शुरुआत में उसका पता नहीं चल सका। बाद में परिवार मंदिर के अंदर गया, जहां उन्होंने दिव्यांश की पहचान की। हादसे में घायल एक व्यक्ति के बहनोई गजेंद्र प्रजापति ने बताया कि उनके रिश्तेदार की मंदिर में दुकान है। हादसे में वह भी घायल हुआ है।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हादसे में लोगों की मौत होने पर रविवार को दुख जताया। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात एक मंदिर के पास श्रद्धालुओं को एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिसके कारण 13 लोगों की मौत हो गई और करीब 40 अन्य घायल हो गए।

PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर से दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

ये भी पढ़ें- Kolkata Durga Puja Stampede: कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में आखिर कैसे मची अफरा-तफरी? भगदड़ में अब तक 19 लोगों की मौत, 25 घायल

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।