Mumbai Ganpati Accident News: दक्षिण मुंबई में स्थापना के लिए ले जाई जा रही भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों समेत पांच अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसा शनिवार (22 अगस्त) रात करीब 10 बजे भुलेश्वर के जय अंबे चौक स्थित कबूतरखाना के पास बलराम मर्चेंट रोड पर हुआ। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि प्रतिमा को भुलेश्वर ले जाया जा रहा था, तभी अचानक वह गिर गई। हादसे में घायल लोगों को तत्काल पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, एम्बुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि मृतकों की पहचान संकेत नावशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, घायलों में वैभव घेणंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गानर (पांच), दिव्या गानर (सात) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सभी का इलाज किया जा रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 10 दिवसीय गणेशोत्सव इस साल 14 सितंबर से शुरू होगा। यह मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में मनाए जाने वाले सबसे बड़े वार्षिक त्योहारों में से एक है।
उत्सव के दौरान भगवान गणेश की प्रतिमाएं पंडालों और घरों में स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है। मुंबई में हर साल भव्य शोभायात्राएं भी निकाली जाती हैं, जिनमें श्रद्धालु संगीत, ढोल-ताशों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच विभिन्न पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं लेकर पहुंचते हैं।
BMC के अनुसार, घटना में घायल लोगों में पांच और सात साल की दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों की हालत के बारे में और जानकारी का इंतजार है। BMC के अनुसार, शुरुआत में एक व्यक्ति को GT अस्पताल में मृत लाया गया। जबकि दो घायल लोगों का इलाज चल रहा है।