Mumbai Cancelled Trains list: मुंबई और पुणे के बीच रेल सेवा सोमवार (6 जुलाई) तड़के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से प्रभावित हो गई। मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, करजत-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में ठाकुरवाड़ी और खंडाला-मंकी हिल के बीच अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन होने से तीनों रेल लाइनें प्रभावित हुई हैं। लगातार बारिश के चलते हुए इस भूस्खलन के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और री-शेड्यूल करना पड़ा।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस और धुले एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस समेत कई अन्य सेवाएं भी रद्द कर दी गई हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित ट्रैक पर मलबा हटाने और रेल सेवाएं बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
भारतीय रेलवे की तरफ से यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की अपील की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए मध्य रेलवे ने सीएसएमटी (022-22694040), ठाणे (9321336747), लोनावला (8356854238) और दादर (9136452387) स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। यहां से ट्रेन संचालन और यात्रा संबंधी लेटेस्ट जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सोमवार को सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने रविवार शाम एक विज्ञप्ति में कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए 'ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसके मद्देनजर छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। आईएमडी ने भारी बारिश के अलावा तेज हवा चलने का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकारी और निजी दफ़्तर सामान्य रूप से काम करेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलें। मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बहुत भारी बारिश हो रही है जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया है और पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं। 30 जून से अब तक इन घटनाओं में एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि पुणे, ठाणे और पालघर जिलों के शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी इसी तरह का परामर्श जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड’ अलर्ट जारी किए जाने के बाद पुणे जिला प्रशासन ने सोमवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
इस बीच, IMD द्वारा भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई विश्वविद्यालय ने छह जुलाई को निर्धारित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड द्वारा रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि संशोधित एग्जाम शेड्यूल जल्द ही यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।