'मेरी बेटी को गोद लें PM मोदी'; नोएडा की लड़की की मां ने लगाई सुरक्षा की गुहार, बेटी को मिल रही रेप की धमकी

CJP Protest News Update: लड़की की मां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माफ करने के फैसले की वजह से उनकी बेटी को नई जिंदगी मिली है। मां ने कहा कि वे PM मोदी की शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने बदला लेने के बजाय माफ करने का रास्ता चुना। उन्होंने इसे अपनी बेटी के लिए एक दूसरा मौका बताया

अपडेटेड Aug 02, 2026 पर 12:52 PM
माफी मांगने वाली 15 साल की लड़की की मां ने सुरक्षा की गुहार लगाई है

CJP Protest News Update: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए माफी मांगने वाली 15 साल की लड़की की मां ने सुरक्षा, अपनी बेटी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने और रहने के लिए सुरक्षित जगह की मांग की है। मां ने कहा कि उनके परिवार को धमकियां मिल रही हैं। वे घर वापस नहीं जा सकते। उनकी यह अपील प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने देशवासियों से विवाद में शामिल गुमराह बच्चों को माफ करने और उन पर कानूनी कार्रवाई या सामाजिक उत्पीड़न करने के बजाय उन्हें सही रास्ता दिखाने की अपील की थी।

पत्रकारों से बात करते हुए मां ने कहा कि इस घटना के बाद परिवार को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा। वे अब अपने मोहल्ले में नहीं रह सकते। मां ने पीएम मोदी से अपनी बेटी को गोद लेने की अपील की है। उन्ंहोंने कहा, "हमें पुलिस की वजह से इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हम उस समाज और अपने घर के आस-पास नहीं रह पा रहे हैं, जहां हम पहले रहते थे।"

FIR वापस लेने की मांग


उन्होंने यह भी गुजारिश की है कि उनकी बेटी के खिलाफ दर्ज FIR वापस ली जाए। उन्होंने कहा, "FIR अभी तक वापस नहीं ली गई है। हम गुजारिश करते हैं कि FIR वापस ली जाए।" एक भावुक अपील में मां ने कहा कि प्रधानमंत्री को उनकी बेटी को अपनाना चाहिए और यह पक्का करना चाहिए कि उसे अपने दिवंगत पिता के घर में उसका हक मिले।

उन्होंने कहा, "मेरी बेटी के पिता अब जीवित नहीं हैं। उसे उसका हक मिलना चाहिए। हर बेटी को अपने पिता के घर में जगह मिलती है। मेरी बेटी और बेटे को एक ही घर में साथ रहना चाहिए और अपना सही हिस्सा मिलना चाहिए।"

मां ने सोशल मीडिया पर उस किशोरी को कथित तौर पर रेप और जान से मारने की धमकियां दिए जाने की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की गलती दुर्व्यवहार का कारण नहीं बननी चाहिए। ऑनलाइन पोस्ट किए गए कमेंट्स का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा, "मेरी बेटी ने एक गलती की, लेकिन लोग लिख रहे हैं कि चार लोगों को उसका रेप करना चाहिए। क्या यह सब सही है?"

बेटी को गोद लेने की अपील

मां ने न्यूज एजेंसी IANS से कहा, "हमें रहने के लिए जगह मिलनी चाहिए। प्रधानमंत्री को मेरी बेटी को गोद ले लेना चाहिए। मेरी बेटी के पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। उसे उसके अधिकार मिलने चाहिए। हर बेटी को अपने पिता के घर में जगह मिलती है। मेरी बेटी और बेटे को एक ही घर (उसके पिता के घर) में साथ रहना चाहिए और उन्हें अपना जायज़ हिस्सा मिलना चाहिए। अगर वह अपने घर में होती।"

लड़की ने मांगी माफी

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए पहले माफी मांग चुकी 15 साल की छात्रा ने अब सार्वजनिक रूप से पहली बार खुलकर बात की है। छात्रा ने कहा कि उसने कभी नहीं सोचा था कि उसे माफ कर दिया जाएगा। उसने PM मोदी के संदेश को दूसरी जिंदगी मिलने जैसा बताया।

उसने यह भी दावा किया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान वह अपने आस-पास के लोगों से प्रभावित थी। आरोप लगाया कि उसे धमकियां मिल रही हैं। उसने कहा कि उसके खिलाफ दर्ज पुलिस केस अभी तक वापस नहीं लिया गया है। छात्रा ने कहा कि उसने अनजाने में वे बातें नहीं कही थीं। बल्कि वह विरोध प्रदर्शन वाली जगह के माहौल और दूसरे लोग जो उसे बता रहे थे, उससे प्रभावित थी।

बेटी को नई जिंदगी मिली

लड़की की मां ने कहा कि PM मोदी के माफ करने के फैसले की वजह से उनकी बेटी को नई जिंदगी मिली है। न्यूज एजेंसी PTI से बात करते हुए लड़की की मां ने कहा कि वे PM मोदी की शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने बदला लेने के बजाय माफ करने का रास्ता चुना। उन्होंने इसे अपनी बेटी के लिए एक दूसरा मौका बताया।

उन्होंने कहा, "PM मोदी ने उस बच्ची को माफ करके अपनी महानता दिखाई है, जिसने इतने गंदे और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया था। आज उसका जन्मदिन है और PM मोदी ने उसे सबसे बड़ा तोहफा दिया है जीवनदान....। आज इस लड़की का पुनर्जन्म हुआ है।" शुक्रवार को PM मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करके संयम बरतने की अपील की थी।

यह अपील जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेतृत्व में हुए छात्र विरोध-प्रदर्शन के दौरान उनके खिलाफ अपशब्दों वाले नारे लगाए जाने के बाद की गई थी। प्रधानमंत्री ने उन्हें अपशब्द कहने वालों को गुमराह बताया और कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इसका समाधान गुस्से या बदले की भावना में है।

'बहकावे में आ गई थी'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली लड़की ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। खुद को 15 साल का बताने वाली लड़की ने कहा कि वीडियो में प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने संबंधी उसका वीडियो सोशल मीडिया पर उसने खुद पोस्ट नहीं किया था। उसने कहा कि वह इस पर बहुत शर्मिंदा है।

पीटीआई द्वारा संबंधित वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी। प्रधानमंत्री मोदी ने भी शुक्रवार को एक वीडियो संदेश में प्रदर्शन के दौरान उनके और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्द कहने वालों को माफ करने की बात कही।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी बेटियों द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना चिंता का विषय है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन गुमराह बच्चों को माफ किए जाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह समाज में व्याप्त आक्रोश को समझते हैं। लेकिन यह गुमराह बच्चों को अपनाने और उन्हें सही राह दिखाने का समय है।

जंतर-मंतर कैसे पहुंचीं लड़की?

माफी वाले वीडियो में लड़की ने कहा, "मैं अपने दोस्तों के साथ सीपी (कनॉट प्लेस) गई थी, जहां प्रदर्शन हो रहा था।...वहां लोग बहुत चीजें बोल रहे थे। प्रधानमंत्री जी को बहुत गालियां दे रहे थे। उन लोगों के बहकावे में आकर मैंने वे सब चीजें बोलीं।"

लड़की ने कहा, "मैं अभी मात्र 15 साल की हूं। मैंने जो किया वह माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत गंदी चीजें बोलीं। लेकिन यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी। इसके बाद मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगी। न ही वो चीज मैंने कभी पोस्ट की थी।...मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मैं इतनी शर्मिंदा हूं कि अपनी नजरें भी नहीं उठा पा रही हूं।"

गाजियाबाद में शिकायत दर्ज

लड़की का यह वीडियो गाजियाबाद निवासी स्मृति सिंह की ओर से 29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद आया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जंतर-मंतर पर सेक्टर-168 स्थित लोटस जिंग आवासीय सोसाइटी की निवासी लड़की ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची।

ये भी पढ़ें- Abhijeet Dipke: रिटायर्ड पिता ने US में अभिजीत दिपके की पढ़ाई का खर्च कैसे उठाया? RTI कार्यकर्ता ने CJP के फंड पर उठाए सवाल, जांच की मांग

पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर जीरो FIR दर्ज की गई और उसे जांच के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने इस कंटेंट के प्रसार को लेकर साइबर सेल थाने में FIR दर्ज की थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को इसे हटाने का नोटिस जारी कर जांच के तहत संबंधित इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।