Namo Metro in Bihar: बिहार के पटना और जयनगर के बाद जल्द ही आरा और बक्सर से यात्रा करने वाले यात्रियों को नमो मेट्रो ट्रेन की सुविधा मिल सकती है। पूर्वी मध्य रेलवे ने वर्तमान में चालू जयनगर-पटना नमो मेट्रो को आरा के रास्ते बक्सर तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। हालांकि ये कब तक फाइनल हो पाएगा इस पर अभी कोई अपडेट नहीं है। बता दें कि नमो मेट्रो रेलवे कि पटरियों पर ही चलती है। इसे मेट्रो जैसा डिजाइन किया गया है और इसकी स्पीड 120 किमी/घंटा तक तक पहुंच सकती है। इसमें ऑटोमेटिक डोर लॉकिंग सिस्टम, खड़े होने की पर्याप्त जगह और आरामदायक सीटें हैं। प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट भी लगा है।
बक्सर तक विस्तार का है प्लान
रेलवे सूत्रों ने खुलासा किया है कि जयनगर और पटना के बीच चलने वाली नमो भारत रैपिड एक्सप्रेस को इस महीने बक्सर तक बढ़ाने की योजना चल रही है। यदि रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल जाती है, तो यह ट्रेन बक्सर और आरा के यात्रियों को समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी के रास्ते जयनगर तक सीधा मार्ग प्रदान करेगी। हाजीपुर रेलवे जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि, 'नमो भारत एक्सप्रेस वर्तमान में जयनगर से आने के बाद पटना जंक्शन पर रखरखाव के लिए रुकती है। ट्रेन पटना में लगभग पांच घंटे तक खाली रहती है। इस समय का उपयोग करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए, दानापुर डिवीजन ने हाजीपुर मुख्यालय को इसके विस्तार का प्रस्ताव भेजा है।
क्या है वर्तमान समय-सारणी और किराया?
नमो भारत एक्सप्रेस जयनगर से सुबह 5:28 बजे चलती है और पटना जंक्शन पर सुबह 10:30 बजे पहुंचती है। यह सकरी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी और मोकामा में रुकती है। वापसी की यात्रा में यह पटना से शाम 6:05 बजे प्रस्थान करती है और रात 11:45 बजे जयनगर पहुंचती है। पटना और जयनगर के बीच स्लीपर क्लास का किराया ₹340 है, जबकि जनरल क्लास का किराया ₹85 है। वैसे पटना और प्रस्तावित नए स्टॉप आरा और बक्सर के बीच का किराया अभी तय नहीं किया गया है।