नवरात्रि शुरू होते ही देशभर में गरबा का रंग चढ़ने लगता है और लोगों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिलता है। लेकिन जब गरबा क्वीन फाल्गुनी पाठक की परफॉर्मेंस हो, तो इसकी एक्साईटमेंट और बढ़ जाती है। हर साल बड़ी संख्या में उनके शो का इंतजार करते हैं। मुंबई में इस साल फाल्गुनी पाठक के साथ नौ रातों तक गरबा का उत्सव मनाया जाएगा। वहीं, फाल्गुनी पाठक का नवरात्रि उत्सव 2026 इस बार अपने महंगे टिकटों की कीमतों को लेकर भी चर्चा में है। कार्यक्रम में सबसे खास VIP पॉड की कीमत करीब 2.04 लाख रुपये रखी गई है।
आयोजन शुरू होने से पहले ही कई कम कीमत वाली टिकट कैटेगरी बिक चुकी हैं। ऐसे में महंगी टिकट और लोगों की जबरदस्त दिलचस्पी, दोनों ही इस गरबा उत्सव को सुर्खियों में ला रहे हैं।
कितनी है टिकट की शुरुआती कीमत
मुंबई में फाल्गुनी पाठक का गरबा उत्सव शुरू हो चुका है और लोगों में जबरदस्त उत्साह है। फाल्गुनी पाठक के नवरात्रि उत्सव का आयोजन 11 से 19 अक्टूबर के बीच जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जा रहा है। वहीं इस इवेंट का नाम टवेस्ट एवेन्यू रियल्टी नवरात्रि उत्सव 2026' रखा गया है। इस कार्यक्रम के टिकटों की कीमत ने लोगों का ध्यान खींचा है। शुरुआती टिकट करीब 2,000 रुपये से शुरू हो रहे हैं, जबकि सबसे खास प्राइवेट पॉड के लिए 2.04 लाख रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। यानी इस गरबा आयोजन में आम टिकट से लेकर बेहद महंगे VIP अनुभव तक कई विकल्प मौजूद हैं। आने वाले वीकेंड और कार्यक्रम की आखिरी रातों के लिए कई टिकट कैटेगरी पहले ही बिक चुकी हैं, जबकि प्रीमियम टिकट अभी उपलब्ध हैं।
कितने की है सबसे मंहगी टिकट
फाल्गुनी पाठक के नवरात्रि उत्सव में सबसे महंगी टिकट कैटेगरी ‘एक्सक्लूसिव पॉड’ है, जिसकी कीमत करीब 2.04 लाख रुपये है। इस प्राइवेट VIP स्पेस में एक साथ 12 लोग शामिल हो सकते हैं और टिकट के साथ 10,000 रुपये का फूड और बेवरेज वाउचर भी मिलता है, जो तय दिन पर ही इस्तेमाल किया जा सकता है। 18 अक्टूबर के लिए इस कैटेगरी की टिकटें तेजी से बिक रही हैं, जबकि 17 अक्टूबर की एक्सक्लूसिव पॉड टिकटें पहले ही खत्म हो चुकी हैं।
ग्रुप में भी ले सकते हैं टिकट
फाल्गुनी पाठक के नवरात्रि उत्सव में दोस्तों और परिवार के साथ जाने वालों के लिए ग्रुप टिकट भी उपलब्ध हैं। पांच लोगों के पैकेज की कीमत 13,000 रुपये है, यानी प्रति व्यक्ति करीब 2,600 रुपये खर्च होंगे। वहीं, 10 लोगों के लिए ग्रुप पैकेज 25,000 रुपये में मिल रहा है, जिसके हिसाब से एक व्यक्ति का टिकट करीब 2,500 रुपये पड़ता है। इस तरह ज्यादा लोगों के साथ बुकिंग करने पर प्रति व्यक्ति टिकट की कीमत थोड़ी कम हो जाती है।
फाल्गुनी पाठक के नवरात्रि उत्सव के आखिरी वीकेंड के लिए कम कीमत वाले कई टिकट विकल्प अब उपलब्ध नहीं हैं। 17 अक्टूबर के लिए 2,000 रुपये वाला अर्ली बर्ड पास, 2,300 रुपये का फेज-1 और 2,700 रुपये का फेज-2 टिकट बिक चुका है। हालांकि, 3,500 रुपये की कीमत वाला फाइनल फेज टिकट अभी बुक किया जा सकता है। 18 अक्टूबर के लिए 2,000 रुपये वाला अर्ली बर्ड और 2,300 रुपये का फेज-1 टिकट पहले ही बिक चुका है। लेकिन, 2,700 रुपये वाला फेज-2 टिकट और ग्रुप पैकेज अभी बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। वहीं, 19 अक्टूबर को नवरात्रि उत्सव का आखिरी दिन होगा और इस दिन 2,700 रुपये का फेज-2 टिकट तेजी से बिक रहा है। पांच और 10 लोगों वाले ग्रुप पैकेज भी तेजी से भर रहे हैं।
इस बार कार्यक्रम में क्या है खास
इस बार फाल्गुनी पाठक का गरबा कार्यक्रम खुले मैदान की जगह पूरी तरह से एसी वाले जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जा रहा है। यहां डांस के लिए कारपेट वाला बड़ा फ्लोर तैयार किया गया है। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में रोजाना महा आरती, लाइव म्यूजिक और परफॉर्मेंस, आकर्षक लाइटिंग और खाने-पीने की कई सुविधाएं भी मिलेंगी। लोगों की सुविधा के लिए पर्याप्त पेड पार्किंग की व्यवस्था भी रखी गई है।
कितनी देर तक चलेगा परफॉर्मेंस
फाल्गुनी पाठक का यह नवरात्रि उत्सव 11 से 19 अक्टूबर तक यानी लगातार नौ दिनों तक आयोजित किया जाएगा। हर रात कार्यक्रम की शुरुआत रात 8 बजे होगी और करीब चार घंटे तक गरबा और लाइव परफॉर्मेंस का सिलसिला चलेगा। इस आयोजन को ट्राइबवाइब और अल्फोंसो स्टूडियोज ने तैयार और प्रमोट किया है, जबकि वेस्ट एवेन्यू रियल्टी इसका टाइटल पार्टनर है। आयोजकों का दावा है कि ये कार्यक्रम गरबा प्रेमियों को एक खास और प्रीमियम नवरात्रि अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।