NCRTC का बड़ा तोहफा! अब सिर्फ 8 मिनट में आनंद विहार से गाजियाबाद, 16 नवंबर से चलेंगी सुपरफास्ट ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल

Namo Bharat Fast Train: दिल्ली-मेरठ रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और ऑफिस जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। NCRTC 16 नवंबर से पीक आवर्स में 8 नई सुपरफास्ट नमो भारत ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। इन लिमिटेड-स्टॉप ट्रेनों के चलने से आनंद विहार से गाजियाबाद का सफर महज 8 मिनट का रह जाएगा और पूरा कॉरिडोर 50 मिनट से भी कम समय में पूरा होगा

अपडेटेड Nov 14, 2026 पर 4:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की दूरी 50 मिनट से भी कम समय में पूरी की जा सकेगी

Delhi-Meerut RRTS Update: दिल्ली-मेरठ रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, खासकर ऑफिस जाने वालों और छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) 16 नवंबर से सुबह और शाम के पीक आवर्स के दौरान 8 अतिरिक्त फास्ट नमो भारत ट्रेन सेवाएं शुरू करने जा रहा है।

इस नई व्यवस्था के शुरू होने के बाद आनंद विहार और गाजियाबाद के बीच का सफर घटकर महज 8 मिनट का रह जाएगा। वहीं, पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की दूरी 50 मिनट से भी कम समय में पूरी की जा सकेगी।

सिर्फ 5 स्टेशनों पर रुकेंगी ये फास्ट ट्रेनें, जानें कितना बचेगा समय


NCRTC के अधिकारियों के मुताबिक, ये लिमिटेड-स्टॉप ट्रेनें दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रियों का कीमती समय बचाने के लिए चलाई जा रही हैं।

सफर का नया समय: आनंद विहार से बेगमपुल की दूरी 36 मिनट में और गाजियाबाद से बेगमपुल की दूरी सिर्फ 28 मिनट में तय होगी। पूरे कॉरिडोर को 50 मिनट से कम समय में कवर किया जाएगा।

केवल 5 स्टॉपेज: यात्रा की रफ्तार बढ़ाने के लिए ये फास्ट सेवाएं केवल 5 प्रमुख स्टेशनों पर ही रुकेंगी- सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम।

नियमित सेवाएं रहेंगी जारी: ये 8 अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें नियमित नमो भारत सेवाओं के साथ-साथ चलेंगी। नियमित ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे मौजूदा सर्विस फ्रीक्वेंसी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

सुबह और शाम की टाइमिंग

पीक आवर्स में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दोनों टर्मिनल स्टेशनों (सराय काले खां और मोदीपुरम) से ट्रेनों का शेड्यूल तय किया गया है:

सुबह का समय: सराय काले खां और मोदीपुरम (दोनों टर्मिनल स्टेशनों) से सुबह 8:00 बजे और सुबह 8:30 बजे ट्रेनें चलेंगी। इसमें दोनों तरफ से 2-2 यानी कुल 4 ट्रेनें शामिल हैं।

शाम का समय: सराय काले खां और मोदीपुरम (दोनों टर्मिनल स्टेशनों) से शाम 6:00 बजे और शाम 6:30 बजे ट्रेनें रवाना होंगी। इसमें भी दोनों तरफ से 2-2 यानी कुल 4 ट्रेनें शामिल हैं।

बढ़ते प्रदूषण से राहत और यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

इस कॉरिडोर पर वर्तमान में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर करते हैं और यह सिस्टम 5 करोड़ यात्री यात्राओं का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर चुका है। पिछले तीन महीनों में औसत मासिक राइडरशिप 32 लाख से ज्यादा दर्ज की गई है।

इन बढ़ी हुई सेवाओं का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच लोगों को निजी वाहनों की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और सड़कों पर ट्रैफिक जाम कम करना है।

NCRTC ने यात्रियों को सलाह दी है कि ट्रेन में चढ़ने से पहले फास्ट और नियमित सेवाओं के बीच अंतर समझने के लिए स्टेशन के डिस्प्ले बोर्ड को ध्यान से देखें और प्लेटफॉर्म पर होने वाली अनाउंसमेंट जरूर सुनें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।