नमो भारत ट्रेन को लेकर बड़ी खबर आ रही है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए 16 नवंबर से नमो भारत ट्रेन की आठ अतिरिक्त फास्ट सेवाएं शुरू करने जा रहा है। ये ट्रेनें सुबह और शाम के पीक आवर्स में चलाई जाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक, नई सेवाएं शुरू होने से आनंद विहार और गाजियाबाद के बीच का सफर महज आठ मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इससे पीक आवर्स में यात्रियों को आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। आइए जानते हैं इसके बारे में डिटेल्स में
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर अब कम स्टॉपेज वाली नमो भारत ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। इसकी वजह से यात्रियों का सफर पहले से तेज हो जाएगा। इन ट्रेनों से आनंद विहार से बेगमपुल तक की दूरी सिर्फ 36 मिनट में और गाजियाबाद से बेगमपुल तक का सफर 28 मिनट में पूरा होगा। NCRTC के मुताबिक, नई सेवा के जरिए यात्री पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से भी कम समय में कर सकेंगे।
इन स्टेशन पर रूकेगी ट्रेन
NCRTC के अनुसार, तेज रफ्तार वाली नमो भारत ट्रेनें दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। इनमें सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम शामिल हैं। कम स्टॉपेज होने से ट्रेन का सफर जल्दी पूरा होगा और सुबह-शाम ऑफिस जाने वाले लोगों के साथ छात्रों को भी काफी राहत मिलेगी। खासतौर पर व्यस्त समय में यात्रियों का आने-जाने का समय कम होगा।
सुबह के व्यस्त समय में सराय काले खां और मोदीपुरम, दोनों स्टेशनों से हर दिशा में दो अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें सुबह 8 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी। वहीं, शाम को यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों टर्मिनल स्टेशनों से शाम 6 बजे और 6:30 बजे अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। ये आठ नई ट्रेनें नियमित नमो भारत सेवाओं के साथ चलेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, सामान्य ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट में मिलती रहेंगी और उनके समय में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
नमो भारत ट्रेन को मिला अच्छा रिस्पॉन्स
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस कॉरिडोर पर रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं, जबकि अब तक पांच करोड़ से ज्यादा लोग इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं। NCRTC के अनुसार, पिछले तीन महीनों में हर महीने औसतन 32 लाख से अधिक यात्रियों ने ट्रेन से यात्रा की है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच लोग निजी गाड़ियों की जगह सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम हो।
इसके साथ ही यात्रियों को सफर से पहले स्टेशन के डिस्प्ले बोर्ड और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं पर ध्यान देने की सलाह दी गई है, जिससे वे तेज रफ्तार और सामान्य ट्रेनों के बीच अंतर समझकर सही ट्रेन में सवार हो सकें।