'बार-बार की एग्जाम से थक गया हूं'... NEET री-टेस्ट से 2 दिन पहले छात्र ने दी जान

नगर कोतवाली की सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) उपासना पांडे ने बताया कि जांच में मिले वीडियो को देखकर लगता है कि इसे जतिन ने अपनी मौत से कुछ समय पहले रिकॉर्ड किया था। पुलिस परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब नीट (NEET) परीक्षा को लेकर देशभर में फिर से चर्चा तेज हो गई है

अपडेटेड Jun 20, 2026 पर 9:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
री-टेस्ट से दो दिन पहले NEET उम्मीदवार ने आत्महत्या की

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई है, यहां 22 वर्षीय जतिन कुमार अपने घर में मृत पाया गया। जतिन नीट (NEET) एग्जाम की तैयारी कर रहा था। ये दुखद घटना रविवार को आयोजित होने वाली NEET-UG री-टेस्ट से कुछ दिन पहले हुई। जतिन पिछले कई वर्षों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। हालांकि, कई बार प्रयास करने के बावजूद उसे सफलता नहीं मिल पाई थी। बताया जा रहा है कि वह लगातार एग्जाम और उसके दबाव को लेकर परेशान था।

आत्महत्या से पहले वीडियो किया था रिकॉर्ड

पुलिस जांच के दौरान जतिन के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला है। माना जा रहा है कि यह वीडियो उसने अपनी मौत से कुछ समय पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में वह बार-बार एग्जाम देने, सफलता न मिलने और उससे पैदा हुई मानसिक थकान और निराशा के बारे में बात करता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मोबाइल से मिले वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।


एग्जाम से पहले की आत्महत्या

परिवार के लोगों के अनुसार, नीट (NEET) एग्जाम की तैयारी कर रहा जतिन कुमार गुरुवार रात रोज की तरह अपने स्टडी रूम में पढ़ाई करने गया था। लेकिन जब वह शुक्रवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो परिवार वालों को चिंता हुई। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो वह बेसुध हालत में पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।मामले की जानकारी मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घर का निरीक्षण किया, जरूरी सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने दी ये जानकारी 

नगर कोतवाली की सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) उपासना पांडे ने बताया कि जांच में मिले वीडियो को देखकर लगता है कि इसे जतिन ने अपनी मौत से कुछ समय पहले रिकॉर्ड किया था। पुलिस परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब नीट (NEET) परीक्षा को लेकर देशभर में फिर से चर्चा तेज हो गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के आरोपों के बाद 3 मई को आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया था, जिसके बाद परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।

वहीं, एक अन्य मामले में मध्य प्रदेश के धार जिले की रहने वाली 21 वर्षीय अवंतिका मौर्य की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अवंतिका नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी और अपनी बड़ी बहन के साथ रह रही थी, जो पेशे से डॉक्टर हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात वह एक चार मंजिला इमारत से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।