Nepal Airlines Map Controversy: नेपाल की राष्ट्रीय एयरलाइन, नेपाल एयरलाइंस अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण बड़े विवाद में फंस गई है। एयरलाइन द्वारा साझा किए गए एक 'नेटवर्क मैप' में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान के हिस्से के रूप में दिखाया गया था। इस गलत नक्शे के सामने आते ही सोशल मीडिया पर भारतीयों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद एयरलाइन को न सिर्फ पोस्ट डिलीट करनी पड़ी बल्कि सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी पड़ी है।
नेपाल एयरलाइंस ने अपने रूट और नेटवर्क को दिखाने के लिए एक नक्शा शेयर किया था। इस नक्शे में भारत के अभिन्न अंग जम्मू-कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के गलत चित्रण के कारण पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था। जैसे ही यूजर्स की नजर इस पर पड़ी, लोगों ने इसे भारत की क्षेत्रीय अखंडता का अपमान बताते हुए एयरलाइन और नेपाल सरकार की मंशा पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश
इस मामले पर आम जनता के साथ-साथ प्रसिद्ध हस्तियों ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने 'X' पर एयरलाइन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, 'क्या कोई मुझे बता सकता है कि नेपाल एयरलाइंस को भारत के नक्शे के साथ इस तरह की छेड़छाड़ करने के लिए किसने उकसाया, वह भी जम्मू-कश्मीर को लेकर? यह कोई मामूली बात नहीं है; यह एक जानबूझकर किया गया कार्य लगता है। इसे उकसावा कहते हैं'।
एक अन्य यूजर ने भारत-नेपाल के पुराने संबंधों की याद दिलाते हुए कहा कि भारत ने दशकों से नेपाल की अर्थव्यवस्था को ऑक्सीजन दी है, चाहे वह नौकरी हो, व्यापार हो या आपदा राहत, और बदले में नेपाल एयरलाइंस ऐसा व्यवहार कर रही है।
'कार्टोग्राफिक गलतियां' बताकर एयरलाइन ने मांगी माफी
भारी विरोध और ट्रोलिंग के बाद, नेपाल एयरलाइंस ने गुरुवार को आधिकारिक बयान जारी कर माफी मांगी। अपने बयान में एयरलाइन ने कहा, 'हम हाल ही में साझा किए गए नेटवर्क मैप में हुई गलती के लिए ईमानदारी से माफी मांगते हैं। मैप में महत्वपूर्ण 'कार्टोग्राफिक गलतियां' थीं, जो नेपाल या नेपाल एयरलाइंस के आधिकारिक रुख को नहीं दिखाती हैं'।
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि विवादित पोस्ट को तुरंत हटा दिया गया है और भविष्य में ऐसी गलतियां न हों, इसके लिए आंतरिक समीक्षा की जा रही है। उन्होंने पड़ोसियों के साथ मजबूत संबंधों को अपनी प्राथमिकता बताया।
भारत-नेपाल संबंधों पर असर?
भारत और नेपाल के बीच गहरे सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध हैं। हालांकि, नक्शों को लेकर पहले भी दोनों देशों के बीच तनाव देखा गया है, लेकिन इस बार एक सरकारी एयरलाइन द्वारा ऐसी चूक ने कूटनीतिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है।