Noida Airport: जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा 200 एकड़ का लॉजिस्टिक्स पार्क! YEIDA बोर्ड की बैठक में 8,000 हेक्टेयर के इंडस्ट्रियल हब को मंजूरी
Noida International Airport: टप्पल-बाजना लॉजिस्टिक्स पार्क और प्रस्तावित 8,000 हेक्टेयर औद्योगिक नोड को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकसित हो रहे बड़े औद्योगिक इकोसिस्टम की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजनाओं के रूप में देखा जा रहा है
Noida International Airport: महत्वपूर्ण परियोजनाओं को YEIDA की 93वीं बोर्ड बैठक में मंजूरी मिली
Noida International Airport: राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) के आसपास औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलने जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के बोर्ड ने सोमवार (28 सितंबर) को टप्पल-बाजना में 200 एकड़ के मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही एयरपोर्ट के दक्षिण में करीब 8,000 हेक्टेयर क्षेत्र में एक बड़े औद्योगिक नोड के विकास की योजना पर भी आगे बढ़ने का फैसला किया गया है।
इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को YEIDA की 93वीं बोर्ड बैठक में मंजूरी मिली। माना जा रहा है कि इनके विकसित होने से एयरपोर्ट क्षेत्र में नए उद्योग, रोजगार के अवसर और सप्लाई चेन से जुड़ा बुनियादी ढांचा तैयार होगा। इससे एयरपोर्ट के आसपास तेजी से हो रहे विकास के बीच कंपनियों और उनसे जुड़ी सहायक गतिविधियों के लिए भी जगह उपलब्ध होगी।
200 एकड़ में बनेगा मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क
टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की रिपोर्ट के मुताबिक, टप्पल-बाजना में प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स पार्क करीब 200 एकड़ में विकसित किया जाएगा। इसके लिए पात्र निवेशकों को जमीन ई-नीलामी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। YEIDA के CEO आरके सिंह ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में निवेश और रोजगार को आकर्षित करने में मदद करेगी।
साथ ही, यमुना क्षेत्र को एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क का उद्देश्य अलग-अलग परिवहन माध्यमों और सप्लाई चेन गतिविधियों को एक जगह से जोड़ना है। एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण इस क्षेत्र में माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार की संभावना बढ़ेगी।
8,000 हेक्टेयर में बनेगा बड़ा औद्योगिक नोड
इसके अलावा YEIDA एयरपोर्ट के दक्षिण में करीब 8,000 हेक्टेयर में एक बड़े औद्योगिक नोड को विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए प्राधिकरण एक कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया में है, जो इस पूरे क्षेत्र का मास्टर प्लान तैयार करेगा। प्रस्तावित औद्योगिक नोड में नियोजित औद्योगिक विकास के लिए जमीन और जरूरी बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा। इससे भविष्य में अलग-अलग क्षेत्रों की औद्योगिक इकाइयों को यहां स्थापित होने के लिए सुविधाएं मिल सकेंगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बनेगा YEIDA कॉर्पस फंड
बोर्ड ने 'YEIDA Corpus Fund Investment Regulation 2026-27' को भी मंजूरी दे दी है। इसका उद्देश्य प्राधिकरण क्षेत्र में सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव के लिए एक अलग वित्तीय व्यवस्था तैयार करना है। इसके तहत एकमुश्त लीज रेंट को कॉर्पस फंड में रखा जाएगा। निर्धारित नियमों के अनुसार निवेश किया जाएगा।
इस फंड से मिलने वाले ब्याज का इस्तेमाल क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के रखरखाव और मरम्मत पर किया जाएगा। इसमें सड़क, पानी की सप्लाई, सीवरेज, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, पार्क, ग्रीन बेल्ट और अन्य नागरिक सुविधाएं शामिल हैं। एयरपोर्ट के आसपास बढ़ते आवासीय और औद्योगिक विकास को देखते हुए इन सुविधाओं का महत्व और बढ़ गया है।
295 बड़े औद्योगिक प्लॉट्स की भी हुई समीक्षा
बोर्ड बैठक में औद्योगिक प्लॉट्स की प्रगति की भी समीक्षा की गई। 4,000 वर्गमीटर से अधिक आकार वाले 295 प्लॉट्स में से अब तक:-
181 प्लॉट्स के लिए लीज डीड हो चुकी है।
152 प्लॉट्स का कब्जा दिया जा चुका है।
69 प्लॉट्स पर निर्माण शुरू हो गया है।
13 औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है।
मेडिकल डिवाइस पार्क में भी तेजी
सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में कुल 203 प्लॉट्स में से 123 प्लॉट्स आवंटित किए जा चुके हैं। इनमें से 75 का कब्जा दिया गया है। जबकि 28 प्लॉट्स पर निर्माण शुरू हो चुका है। यहां 3D प्रोटोटाइप लैब, इलेक्ट्रॉनिक्स असेंबली सुविधा, बायोमैटेरियल सुविधा, कॉमन आईटी सुविधा और टूलिंग रूम जैसी सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है।
अपैरल, MSME और हैंडीक्राफ्ट पार्क में भी प्लॉट आवंटन
सेक्टर-29 में भी अलग-अलग औद्योगिक पार्कों में प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। यहां:-
Apparel Park में 159 प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
MSME Park में 503 प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
Handicraft Park में 188 प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
YEIDA की आय में 182% का उछाल
आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में सितंबर तक YEIDA की प्राप्तियां 182 फीसदी बढ़कर 4,222 करोड़ रुपये पहुंच गईं। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 1,495 करोड़ रुपये था। हालांकि, इसी अवधि में प्राधिकरण का खर्च बढ़कर 5,501 करोड़ रुपये हो गया।
खर्च बढ़ने की प्रमुख वजहों में भूमि अधिग्रहण और कर्ज की अदायगी शामिल रही। टप्पल-बाजना लॉजिस्टिक्स पार्क और प्रस्तावित 8,000 हेक्टेयर औद्योगिक नोड को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकसित हो रहे बड़े औद्योगिक इकोसिस्टम की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजनाओं के रूप में देखा जा रहा है।