नोएडा के लोगों को जल्द ही बहुत बड़ी सौगात मिलने जा रही है। खबर है कि 26 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शहर के पहले इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शुभारंभ करने वाले हैं। जेवर गौतमबुद्ध नगर में बने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन की तारीख तय हो चुकी है। इससे पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारियों ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस बैठक का नेतृत्व एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्रिस्टोफ श्नेलमान ने किया।
News18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बातचीत चल रही है। नवरात्रि में राम नवमी यानी 26 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का लोकार्पण कर सकते हैं।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए केंद्र सरकार की तरफ से जारी किया गया एयरोड्रोम लाइसेंस सौंपा। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट को शुरू करने से पहले यह सबसे महत्वपूर्ण नियामक मंजूरियों में से एक है।
अब केवल सिक्योरिटी क्लियरेंस बाकी
अधिकारियों के मुताबिक, अब एयरपोर्ट के संचालन से पहले सिर्फ सिक्योरिटी क्लियरेंस लेना बाकी है। इसके लिए एयरपोर्ट का एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम फिलहाल ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी के पास मंजूरी के लिए लंबित है।
सुरक्षा मंजूरी मिलते ही शुरू होंगी उड़ानें
अधिकारियों ने बताया था कि जैसे ही सुरक्षा मंजूरी मिल जाएगी, उसके बाद एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख और कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू करने की घोषणा कर दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यह उत्तर भारत के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में से एक होगा और इससे दिल्ली-NCR के हवाई यातायात पर दबाव भी कम होगा।