Noida News: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर नोएडा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने एक और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट की योजना बनाई है। सेक्टर-150 में बनने वाले 'स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट' को मंजूरी मिलने के बाद अब यहां तीसरे फ्लाईओवर की योजना पर काम किया जा रहा है। प्रस्तावित फ्लाईओवर नोेडा के सेक्टर-150 को सेक्टर-148 से जोड़ेगा। इससे न केवल इन दोनों सेक्टरों के बीच आवागमन आसान होगा। बल्कि आसपास के 21 सेक्टरों और करीब 20 गांवों के लोगों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि इससे करीब 2 लाख लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी।
610 मीटर लंबा होगा फ्लाईओवर
प्रस्तावित फ्लाईओवर की लंबाई करीब 610 मीटर होगी। इसे 30 मीटर चौड़ी सड़क के माध्यम से सेक्टर-150 और सेक्टर-148 के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। इस कनेक्टिविटी से इस एरिया में रहने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों से आने-जाने वाले गाड़ी चालकों को भी राहत मिल सकती है।
'स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट' से बढ़ेगा ट्रैफिक का दबाव
सेक्टर-150 में 'स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट' को मंजूरी मिलने के बाद इस इलाके में विकास गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। यहां आवासीय और खेल सुविधाओं से जुड़ी गतिविधियां बढ़ने के साथ गाड़ियों की आवाजाही भी बढ़ सकती है। ऐसे में नोएडा प्राधिकरण के सामने भविष्य के ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करना बड़ी चुनौती होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर की योजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके निर्माण से सेक्टर-150 और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मौजूदा अंडरपास पर भी निर्भरता होगी कम
सेक्टर-150 और आसपास के इलाकों में मौजूदा अंडरपास की सीमित क्षमता के कारण ट्रैफिक प्रभावित होने की समस्या सामने आती रही है। प्रस्तावित फ्लाईओवर को इस समस्या के समाधान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे गाड़ियों को आवागमन के लिए एक एक्स्ट्रा रास्ता उपलब्ध हो सकेगा । साथ ही मौजूदा रूट्स पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
21 सेक्टरों और 20 गांवों को मिलेगा फायदा
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का लाभ केवल सेक्टर-150 और सेक्टर-148 तक सीमित नहीं रहेगा। इसके आसपास स्थित सेक्टरों और गांवों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होने की उम्मीद है। प्रस्तावित फ्लाईओवर से करीब 21 सेक्टरों और 20 गांवों के लोगों को लाभ पहुंचने की बात कही गई है।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजना
नोएडा में तेजी से बढ़ते आवासीय और कमर्शियल विकास के बीच सड़क और ट्रैफिक इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना जरूरी हो गया है। सेक्टर-150 में स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट के आगे बढ़ने के साथ प्रस्तावित फ्लाईओवर क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम साबित हो सकता है। 610 मीटर लंबा यह प्रस्तावित फ्लाईओवर सेक्टर-150 के विकास को नई रफ्तार देने के साथ आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम से मुक्ति पाने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।