Noida Traffic Jam News: दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर को सुगम बनाने और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए एक अहम योजना पर काम किया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण यमुना पुश्ता रोड का करीब 10 किलोमीटर तक विस्तार करने की तैयारी में है। इस सड़क को सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक विकसित किया जाएगा। योजना पूरी होने के बाद कालिंदी कुंज से यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए चालकों को एक वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा। इससे ग्रेटर नोएडा के परी चौक जाने वाले लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
कालिंदी कुंज के पास ओखला बैराज से शुरू होगी सड़क
'टाइम्स ऑफ इंडिया' के मुताबिक, यमुना पुश्ता रोड का मौजूदा हिस्सा कालिंदी कुंज के पास ओखला बैराज से शुरू होकर सेक्टर-135 तक जाता है। अब अथॉरिटी इसे आगे बढ़ाकर सेक्टर-150 तक ले जाने की योजना बना रहा है। करीब 10 किलोमीटर के इस विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच एक नया संपर्क रूट तैयार होगा। फिलहाल, सेक्टर-135 और सेक्टर-150 के बीच सड़क का कुछ हिस्सा मौजूद है। लेकिन यह पूरी तरह मोटरेबल नहीं है। ऐसे में इस रूट का विकास कर इसे वाहनों के आवागमन के योग्य बनाया जाएगा।
परी चौक जाने के लिए मिलेगा वैकल्पिक रास्ता
अभी कालिंदी कुंज से परी चौक और ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहन चालकों को कई प्रमुख रूट्स से होकर गुजरना पड़ता है। व्यस्त समय में इन रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। पुश्ता रोड के विस्तार से वाहन चालकों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
प्लान के तहत सेक्टर-135 से आगे सेक्टर-150 तक सड़क विकसित होने पर वाहन चालक बिना यमुना एक्सप्रेसवे में एंट्री किए भी ग्रेटर नोएडा और नोएडा के दूसरे हिस्सों तक पहुंच सकेंगे। इससे मौजूदा सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।
11.5 किलोमीटर लंबे मार्ग से भी जुड़ाव की योजना
प्राधिकरण की योजना केवल सड़क विस्तार तक सीमित नहीं है। इसके साथ यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ाव को बेहतर बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। प्रस्तावित योजना में करीब 11.5 किलोमीटर लंबे यमुना पुश्ता रोड को विकसित करने और इसे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने की बात कही गई है। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हो सकेगी। खासतौर पर उन वाहन चालकों को फायदा होगा, जिन्हें रोजाना इन क्षेत्रों के बीच आना-जाना पड़ता है।
एलिवेटेड कॉरिडोर का भी प्रस्ताव
पुश्ता रोड के विस्तार के साथ कालिंदी कुंज से यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-32 स्थित एंट्री रूट तक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। इसके बनने से कालिंदी कुंज और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों को सीधा संपर्क मिल सकता है। इसके अलावा यमुना पुश्ता रोड को नोएडा एयरपोर्ट की ओर जाने वाले रूट्स से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, इन प्रस्तावों को लेकर अभी विस्तृत योजना और आगे की प्रक्रिया पर काम होना बाकी है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में कनेक्टिविटी होगी मजबूत
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तेजी से बढ़ते आवासीय और कमर्शियल विकास के कारण सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यमुना पुश्ता रोड का विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सड़क तैयार होने से सेक्टर-135, सेक्टर-150 और आसपास के इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
प्राधिकरण का मानना है कि इस तरह के वैकल्पिक रूट विकसित होने से मौजूदा सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन के लिए लोगों को एक नया विकल्प मिलेगा।