दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 30 सितंबर को हंगामा हो गया। फ्लाइट FZ1073 में भारतीय कैप्टन पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया। आरोप फ्लाइट के ओमानी को-पायलट पर है।

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 30 सितंबर को हंगामा हो गया। फ्लाइट FZ1073 में भारतीय कैप्टन पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया। आरोप फ्लाइट के ओमानी को-पायलट पर है।
अब इजराइली अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं। वे यह पता कर रहे हैं कि ओमान के नागरिक को इजराइल जाने वाली फ्लाइट में ड्यूटी कैसे मिली। इस रूट पर उड़ान भरने के लिए किसने परमिशन दी थी।
कॉकपिट में कैसे बिगड़ी बात?
फ्लाइट करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर थी। तभी को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया। उसने विमान के कंट्रोल में भी दखल देने की कोशिश की। इसके बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा। एक मिनट से भी कम समय में यह 14 हजार फीट से ज्यादा नीचे आ गया। इस दौरान 7500 इमरजेंसी कोड भी भेजा गया।
घायल होने के बावजूद कैप्टन ने को-पायलट का सामना किया। वह कॉकपिट के दरवाजे तक फिर पहुंच गए। पैसेंजर और क्रू ने भी मदद की। उन्होंने को-पायलट को काबू में कर लिया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में उतारा गया।
इस तरह मिली फ्लाइट में ड्यूटी
को-पायलट की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, वह ओमान का नागरिक है और फ्लाईदुबई में काम करता था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह करीब आठ से नौ महीने पहले एयरलाइन से जुड़ा था। उसकी उम्र, पहले का फ्लाइट एक्सपीरियंस और ट्रेनिंग से जुड़ी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। को-पायलट की ड्यूटी की भी जांच हो रही है। अधिकारी यह पता कर रहे हैं कि उसे इस फ्लाइट में जाने की मंजूरी कैसे मिली।
एक साथी पायलट के हवाले से बताया गया कि को-पायलट काफी धार्मिक था। उसके मुताबिक, वह अक्सर प्रार्थना करता था और महिलाओं से हाथ मिलाने से मना करता था।
साथ ही एक साथी पायलट ने यह भी दावा किया कि वह करीब आठ महीने पहले फ्लाईदुबई में शामिल हुआ था और धार्मिक नियमों का काफी सख्ती से पालन करता था।
क्या थी इस हमले के पीछे की वजह?
घटना के बाद इजराइल ने बाहर से आने वाले विमानों के पायलटों की जांच और कड़ी करने की बात कही है। रॉयटर्स के मुताबिक, अब पायलटों की जांच पहले से ज्यादा ध्यान से की जाएगी।
जांच आगे बढ़ने के बाद पता चल पायेगा कि कॉकपिट में हमले की असली वजह क्या थी और ओमान के को-पायलट को इजराइल जाने वाली फ्लाइट के लिए कैसे चुना गया था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।