Ernakulam Express Fire: आंध्र प्रदेश में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में लगी भीषण आग से दो AC कोच जलकर खाक; 1 व्यक्ति की मौत

Ernakulam Express Catch Fire: रेलवे पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, आग तड़के करीब 1:30 बजे लगी, जब ट्रेन दुव्वाडा स्टेशन पार कर चुकी थी। आग पैंट्री कार के पास स्थित B1 और M2 कोचों में लगी

अपडेटेड Dec 29, 2025 पर 9:00 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते बी-1 और एम-2 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए

Tata Nagar-Ernakulam Express Fire: आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हो गया है। टाटानगर से एर्नाकुलम जा रही टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189) के दो एसी (AC) कोचों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में विजयवाड़ा के रहने वाले एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की जलकर मौत हो गई, जबकि सैकड़ों अन्य यात्रियों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते बी-1 (B1) और एम-2 (M2) कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

कैसे और कब लगी आग?

रेलवे पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, आग तड़के करीब 1:30 बजे लगी, जब ट्रेन दुव्वाडा स्टेशन पार कर चुकी थी। आग पैंट्री कार के पास स्थित B1 और M2 कोचों में लगी। लोको पायलटों ने यलमंचिली के पास आग की लपटें देखीं और तुरंत ट्रेन रोक दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, B1 कोच के ब्रेक ओवरहीट होने के कारण उठी चिंगारियों ने भयानक आग का रूप ले लिया, जो तेजी से फैल गई।


जैसे ही कोचों में धुआं भरा, यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घने धुएं के कारण कुछ भी देख पाना मुश्किल था। अग्निशमन दल ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों कोचों में रखा यात्रियों का सारा सामान जल चुका था। हादसे के बाद ट्रेन करीब 4 घंटे की देरी से अनाकापल्ली स्टेशन पहुंची। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंच गई हैं ताकि पटरी को साफ किया जा सके और अन्य ट्रेनों के संचालन में बाधा न आए।

रेलवे की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

ब्रेक बाइंडिंग या ओवरहीटिंग के कारण आग लगना रेलवे के मेंटेनेंस पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस हादसे ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बता दें कि दक्षिण मध्य रेलवे ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।