Pahalgam Terror Attack: 'पति का नाम पूछा और मार दी गोली': पहलगाम आतंकी हमले में कानपुर के कारोबारी शुभम द्विवेदी की हत्या, फरवरी में हुई थी शादी

Kashmir Pahalgam Terror Attack: शुभम की पत्नी ने बताया कि आतंकवादियों ने उसका नाम पूछा और उसे कलमा पढ़ने का आदेश दिया। जब वह नहीं पढ़ सका, तो उन्होंने उसे गोली मार दी। उसने उनसे विनती की कि उसे भी गोली मार दी जाए, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। आतंकियों ने कहा कि वह वापस जाए और सरकार को बताए कि उन्होंने क्या किया है

अपडेटेड Apr 23, 2025 पर 8:39 AM
Story continues below Advertisement
Kashmir Pahalgam Terror Attack: शुभम द्विवेदी की शादी फरवरी में हुई थी। वह परिवार के साथ कश्मीर की वादियों में घूमने गए थे

Kashmir Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार (22 अप्रैल) को हुए आतंकी हमले में कानपुर के 31 वर्षीय कारोबारी शुभम द्विवेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुभम की फरवरी में शादी हुई थी। शुभम के पिता संजय द्विवेदी कानपुर में सीमेंट का कारोबार करते हैं। वह पत्नी और परिवार के 11 सदस्यों के साथ शादी के बाद दूसरी बार कश्मीर घूमने गए थे। लेकिन मंगलवार को आतंकियों का शिकार बन गए। कानपुर के चकेरी इलाके के निवासी शुभम की शादी इसी साल 12 फरवरी को ऐशन्या द्विवेदी से हुई थी।

शुभम के चचेरे भाई सौरभ सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया, "शादी के बाद यह उनकी दूसरी यात्रा थी और इस बार उन्होंने अपने परिवार के साथ यात्रा करना चुना। शुभम और ऐशन्या दोनों के परिवार के रिश्तेदार इस यात्रा का हिस्सा थे।" वे 17 अप्रैल को कानपुर से निकले थे और 23 अप्रैल को वापस आने वाले थे।

MBA की डिग्री रखने वाले शुभम अपने परिवार के सीमेंट व्यवसाय को देखते थे। उनके परिवार में पत्नी, माता-पिता और बहन हैं। शुभम संजय द्विवेदी के इकलौते बेटे थे। उनके चचेरे भाई सौरभ के मुताबिक, परिवार के सभी 11 सदस्य एक दिन पहले पहलगाम गए थे।


उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, "शुभम और उनकी पत्नी ने घोड़े पर सवार होकर पहाड़ पर जाने का फैसला किया, तभी आतंकवादियों ने हमला किया और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शुभम की मौके पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई।" उन्होंने कहा कि उन्होंने घटना का वीडियो देखा है। उसमें शुभम को स्पष्ट रूप से पहचाना जा सकता है।

सौरभ ने आगे कहा, "शुभम की पत्नी ने हमें बताया कि आतंकवादियों ने उसका नाम पूछा और उसे कलमा पढ़ने का आदेश दिया। जब वह नहीं पढ़ सका, तो उन्होंने उसे गोली मार दी। उसने उनसे विनती की कि उसे भी गोली मार दी जाए, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और कहा कि वह वापस जाए और सरकार को बताए कि उन्होंने क्या किया है।"

कश्मीर के पहलगाम शहर के पास 'मिनी स्विट्जरलैंड' के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार दोपहर में हुए एक आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे। यह 2019 में पुलवामा में हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे बड़ा हमला है।

एक अधिकारी ने बताया कि 26 मृतकों में दो विदेशी (संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल से) और दो स्थानीय निवासी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए 26 लोगों में से 22 की पहचान हो गई है तथा अन्य चार की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Pahalgam Terrorist Attack Live: पहलगाम के आसपास की पहाड़ियों में अभी भी 4-6 आतंकवादी छिपे हुए हैं, तलाशी अभियान जारी है

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत की यात्रा पर हैं। पर्यटन तथा ट्रैकिंग का सीजन जोर पकड़ रहा है। हमला दोपहर करीब तीन बजे हुआ। आतंकी हमले के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्न मोदी ने सऊदी अरब की अपनी दो दिवसीय यात्रा को बीच में ही समाप्त करके स्वदेश लौट आए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।