Get App

India-Pakistan Tensions: पाकिस्तान की LoC पर नापाक हरकत जारी, पहलगाम हमले के बाद 11वें दिन तोड़ा सीजफायर

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत एवं पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बीच यह लगातार 11वीं रात थी जब सीमा पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की गई। पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी जिसमें अधिकतर पर्यटक थे

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड May 05, 2025 पर 8:29 AM
India-Pakistan Tensions: पाकिस्तान की LoC पर नापाक हरकत जारी, पहलगाम हमले के बाद 11वें दिन तोड़ा सीजफायर
India-Pakistan Tensions: 24 अप्रैल की रात से पाकिस्तानी सैनिक LoC पर विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं

India-Pakistan Tensions: पाकिस्तानी सैनिकों ने रविवार (4 मई) रात एक बार फिर से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर विभिन्न सेक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी की जिसका भारतीय सेना ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पहलगाम में 26 लोगों की हत्या के बाद पाकिस्तान ने लगातार 11वीं रात नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के गोलीबारी की। 4 मई की रात को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर के क्षेत्रों में चौकियों से छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने गोलीबारी का तुरंत जवाब दिया।

भारतीय सेना ने सोमवार सुबह एक बयान में कहा, "04-05 मई 2025 की रात को, पाकिस्तानी सेना पोस्ट ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर के आसपास के इलाकों में नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने तुरंत और उचित जवाब दिया।"

22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर चर्चा करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद आज (5 मई) बैठक करेगी। 22 अप्रैल को "मिनी स्विट्जरलैंड" के नाम से मशहूर बैसरन घाटी में कई आतंकवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक नेपाली नागरिक सहित 26 लोग मारे गए। वहीं, कई अन्य घायल हो गए। बैसरन घाटी एक पर्यटक स्थल है, जहां पहाड़ियां और हरे-भरे बगीचे हैं। भारत ने इस हत्याकांड में शामिल हर आतंकवादी को ढूंढ़कर उसे दंडित करने की कसम खाई है।

भारत और पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम समझौते को 25 फरवरी 2021 को अपडेट किए जाने के बाद से नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) पर संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं बहुत कम देखी गई थीं। पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने के कुछ घंटों बाद 24 अप्रैल की रात से पाकिस्तानी सैनिक LoC पर विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें