देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के कानपुर आने का दौरा तय किया गया था। लेकिन पहलगाम में आतंकी हमला होने की वजह से यह दौरा रद्द कर दिया है। पीएम मोदी कानपुर में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए कानपुर आने वाले थे। इस आतंकी हमले में कानपुर के बेटे शुभम द्विवेदी की मौत हो गई है। ऐसे में लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। एक बयान में कहा गया है कि शोक के इस समय में सार्वजनिक कार्यक्रम को रद्द करना ही उचित समझा गया।
इस दुख की घड़ी में कानपुर में किसी भी प्रकार के उत्सव या औपचारिक सार्वजनिक कार्यक्रम को स्थगित करना उचित समझा गया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री काफी दुखी हैं। इसके पहले मेट्रो में सफर करने का कार्यक्रम कैंसिल किया गया था।
पीएम मोदी कानपुर मेट्रो का करने वाले थे उद्घाटन
प्रधानमंत्री को यहां मेट्रो के नए बने स्टेशनों समेत कुल 11 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करना था। पीएम मोदी के कानपुर दौरे को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन के पदाधिकारी विशेष तैयारी में लगे हुए थे। इससे पहले मोदी के दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ता सभी विधानसभा क्षेत्रों के मंडलों, बाजारों और घरों में जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे थे। कानपुर उत्तरी के अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने जिला पदाधिकारियों, मोर्चा और प्रकोष्ठों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी थीं। प्रधानमंत्री को यहां सीएम ग्रिड योजना फेज-1 का शिलान्यास भी करना था। साथ ही, पीडब्ल्यूडी की नर्वल मोड़ से डिफेंस कॉरिडोर रोड और मंधना-बिठूर-परियर मार्ग के चौड़ीकरण के काम की शुरुआत भी करनी थी। उनका शताब्दीनगर और अर्रा-बिनगवां में केडीए के विकास कार्यों का लोकार्पण भी करने का कार्यक्रम था। लेकिन पूरा कार्यक्रम रद्द हो गया है।
UP के अन्य शहरों में बढ़ी सुरक्षा
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मथुरा, अयोध्या, गोरखपुर सहित कई शहरों में पुलिस फोर्स बढ़ा दी गई है। लखनऊ में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की चेकिंग की गई। सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट किया गया है। इससे पहले, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के दौरे के चलते आगरा में होने वाले कल्चरल प्रोग्राम कैंसिल कर दिया गया है। वहीं राज्य के डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने आज मेरठ, हापुड़ और मुजफ्फरनगर का कार्यक्रम दौरा रद्द कर दिया है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने प्रयागराज दौरा कैंसिल कर दिया है।