Kashmir Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार (23 अप्रैल) सुबह नियंत्रण रेखा (LoC) पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गई। भारतीय सेना के अधिकारियों ने बताया कि बारामूला में चल रहे ऑपरेशन में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भारी गोलीबारी हुई। इस दौरान दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। घुसपैठ की कोशिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। आतंकवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और युद्धक सामान बरामद किए गए हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
आतंकियों के पास से IED, 2 AK राइफल और पिस्तौल बरामद किए गए हैं। चिनार कोर ने X पर एक पोस्ट में कहा कि 23 अप्रैल 2025 को बारामूला में उरी नाले के सरजीवन के जरिए दो-तीन आतंकवादियों ने घुसपैठ की कोशिश की। सेना ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर तैनात सतर्क सैनिकों ने घुसपैठियों को चेतावनी दी और उन्हें रोका जिसके परिणामस्वरूप गोलीबारी हुई।
सेना ने कहा कि फिलहाल सर्च अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया, "उरी सेक्टर में जारी घुसपैठ रोधी अभियान में दो आतंकवादी मारे गए हैं।" घुसपैठ की यह कोशिश मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में हुए घातक आतंकवादी हमले के 24 घंटे से भी कम समय में की गई है। पहलगाम में आतंकवादी हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए हैं जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।
केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार शाम श्रीनगर पहुंचे। जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक नलिन प्रभात ने गृह मंत्री के आगमन पर उन्हें जानकारी दी। इस समय उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और गुप्तचर ब्यूरो के निदेशक तपन डेका मौजूद थे। उसके बाद, शाह ने सेना, सीआरपीएफ और पुलिस सहित सुरक्षा अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
एक प्रवक्ता ने बताया, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादी हमले के मद्देनजर श्रीनगर में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।" आतंकवादियों ने मंगलवार दोपहर को कश्मीर के पहलगाम शहर के एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल में गोलीबारी की। इसमें 26 लोगों की मौत हो गई। आतंकी हमले में मारे गए लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला बताया जा रहा है।
एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने विस्तृत जानकारी दिए बिना बताया कि मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय लोग शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस आतंकी हमले को हाल के वर्षों में आम लोगों पर हुए किसी भी हमले से कहीं बड़ा हमला बताया। पहलगाम शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर बैसरन में घने देवदार के जंगलों और पहाड़ों से घिरा एक विशाल घास का मैदान है। यह पर्यटकों और ट्रेकर्स का पसंदीदा स्थल है।