Pahalgam Terrorist Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बड़ा आतंकी हमले हुआ है। यह हमला पर्यटकों को निशाना बनाकर किया गया जिसमें 1 की मौत हो गई है जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पहलगाम के बैसरन में पहले से छिपे हुए आंतकियों ने पर्यटकों पर आंधाधुंध गोलियां चलाई। फिलहाल इस हमले में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले की सूचना मिलने के बाद तुरंत बाद मौके पर पहुंची सुरक्षाबलों की टीम ने पूरे इलाके को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आतंकवादी संगठन ‘कश्मीर रेजिस्टेंस’ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
सेना की वर्दी में थे आतंकी
वहीं इस हमले को लेकर एक बड़ी जानकारी भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि ये आंतकी सेना की वर्दी में आए थे। हमले की ज्यादा जानकारी देते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि, आतंकियों ने ये हमला मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। इस हमले में दो से तीन आतंकियों के शामिल होने की आशंका है। ये आंतकी सेना की वर्दी में नजर आए और बैसरन घाटी के मैदान में घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। फिलहाल सुरक्षा बल ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आतंकियों का सर्च ऑपरेशन जारी है।
महिला ने बताया आंखों देखा हाल
वहीं इस हमले का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला ने दुःख भरे शब्दों में बताया कि आतंकियों ने उनके पति को केवल इस वजह से गोली मार दी क्योंकि उन्होंने कहा था कि ये मुस्लिम नहीं है। इस वीडियो में महिला का पति जमीन पर गिरा हुआ भी नजर आ रहा है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कही ये बात
इस घटना पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (CM Omar Abdullah) ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि, मैं स्तब्ध हूं। पर्यटकों पर यह हमला एक घृणित कार्य है। इस हमले के अपराधी घृणा के पात्र हैं। निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि मैंने शकीना इट्टू से बात की है और वह घायलों के लिए व्यवस्थाओं की देखरेख करने के लिए अस्पताल चली गई हैं। मैं तुरंत श्रीनगर वापस जा रहा हूं।