Credit Cards

India-Pakistan Tensions: पाकिस्तान ने पहलगाम हमले के बाद LoC पर लगातार 12वीं रात तोड़ा सीजफायर, भारत ने दिया मुहतोड़ जवाब

Pahalgam Terror Attack: भारतीय सेना के प्रवक्ता ने बताया कि 5-6 मई की रात को नियंत्रण रेखा (LoC) के पार पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा बिना उकसावे के छोटे हथियारों से की गई गोलीबारी का भारतीय सेना ने जवाब दिया। यह पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुआ है

अपडेटेड May 06, 2025 पर 8:17 AM
Story continues below Advertisement
India-Pakistan Tensions: 24 अप्रैल की रात से पाकिस्तानी सैनिक LoC पर विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं

India-Pakistan Tensions: पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सीमा से लगते कई सेक्टरों में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की और संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के दौरान यह लगातार 12वीं रात थी जब पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के गोलीबारी की गई। पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिसमें अधिकतर पर्यटक थे। इस हमले के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

भारतीय सेना के प्रवक्ता ने मंगलवार सुबह कहा, "05-06 मई 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर के आसपास के इलाकों में नियंत्रण रेखा के पार चौकियों से बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी उचित तरीके से जवाब दिया।"

इससे पहले रविवार रात को पाकिस्तानी सैनिकों ने पांच सीमावर्ती जिलों जम्मू क्षेत्र में पीर पंजाल के दक्षिण में जम्मू, राजौरी और पुंछ तथा कश्मीर घाटी में बारामूला एवं कुपवाड़ा जिलों में रात भर गोलीबारी की थी।


शुरुआत में उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में नियंत्रण रेखा पर कई चौकियों को निशाना बनाकर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू करने के बाद पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ सेक्टर और उसके बाद जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर तक गोलीबारी की।

इसके बाद राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास कई चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। जबकि उसके बाद जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास परगवाल सेक्टर में गोलीबारी की गई।

भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच 29 अप्रैल को हॉटलाइन’ पर बातचीत हुई थी। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान की ओर से जम्मू कश्मीर में एलओसी पर बिना उकसावे के की जा रही गोलीबारी पर चर्चा की थी। इसके बावजूद संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की जा रही है।

ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय पक्ष ने पाकिस्तानी पक्ष को बिना उकसावे के की गई गोलीबारी के बारे में चेतावनी दी थी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित करने के कुछ ही घंटों बाद 24 अप्रैल की रात से पाकिस्तानी सैनिक कश्मीर घाटी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में LoC पर विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Pahalgam Attack: UNSC में पाकिस्तान की शामत तय? भारत की नई चाल सबको चौंकाएगी!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।