भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसी बीच दोनों देशों के संबंधों को लेकर एक अहम खबर सामने आई है। पाकिस्तान ने अपने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण मामलों के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को भारत भेजने का फैसला किया है। मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) की सिविलाइजेशनल डायलॉग बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में अलग-अलग सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। तीन साल से अधिक समय बाद पाकिस्तान का कोई मंत्री पहली बार भारत दौरे पर आ रहा है। इस दौरे को दोनों देशों के बीच बातचीत और आपसी संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत आएंगे पाकिस्तान के मंत्री
शनिवार को जारी एक बयान में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि, "पाकिस्तान सरकार आपसी सम्मान की भावना के साथ SCO के तहत अलग-अलग सभ्यताओं के बीच बातचीत और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।" खास बात ये है कि तीन साल से अधिक समय के बाद मुसादिक मसूद मलिक भारत का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे। उस समय उन्होंने गोवा में आयोजित SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था। इसके बाद अब पाकिस्तान का कोई मंत्री आधिकारिक कार्यक्रम के लिए भारत पहुंचने वाला है।
पाकिस्तान की ओर से मंत्री को भेजने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब भारत के विदेश मंत्रालय ने एक दिन पहले ही इस बैठक को लेकर जानकारी दी थी। भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि SCO के सभी 10 सदस्य देशों के साथ पर्यवेक्षक देशों और संवाद सहयोगियों को भी इस बैठक में शामिल होने का न्योता भेजा गया है। भारत की ओर से आयोजित किया जा रहा यह तीन दिवसीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और आपसी बातचीत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रखा गया है। इस दौरान SCO के सभी 10 सदस्य देशों के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे। बैठक में अलग-अलग देशों की संस्कृति को समझने, आपसी सहयोग बढ़ाने और लोगों के बीच बेहतर संबंध बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
भारत-पाकिस्तान के बीच जारी है तनाव
मुसादिक मसूद मलिक का भारत दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब दोनों देशों के बीच संबंध काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसके चलते भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया। दोनों देशों के बीच यह टकराव चार दिनों तक चला और 10 मई को समाप्त हुआ। सैन्य तनाव खत्म होने के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक स्तर पर बातचीत काफी सीमित रही है। दोनों देश SCO की बैठकों और क्षेत्रीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे हैं।
शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) में कुल 10 देश शामिल हैं। इनमें बेलारूस, चीन, भारत, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के नाम शामिल हैं। SCO एक ऐसा संगठन है, जिसमें शामिल देश सुरक्षा, आतंकवाद, व्यापार और आर्थिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर मिलकर चर्चा करते हैं। इसकी शुरुआत 15 जून 2001 को चीन के शंघाई शहर में हुई थी। भारत ने साल 2017 में इस संगठन की पूर्ण सदस्यता हासिल की थी। इस संगठन का मकसद सदस्य देशों के बीच आपसी भरोसा बढ़ाना, आतंकवाद और कट्टरपंथ जैसी समस्याओं से निपटना और क्षेत्रीय शांति के साथ आर्थिक सहयोग को मजबूत करना है।
SCO की बैठकें कई स्तरों पर आयोजित की जाती हैं। इसमें सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक शिखर सम्मेलन कहलाती है। इसके अलावा प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री भी अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेते हैं।