Jammu and Kashmir: पाकिस्तानी नंबर और अमेरिकी करेंसी....जम्मू-कश्मीर में 'बैलून टेरर' पर अलर्ट हुई पुलिस

Jammu and Kashmir: गुब्बारों पर एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर छपा हुआ था। इसके साथ ही उन पर स्कैनर कोड जैसी एक प्रिंटेड तस्वीर भी बनी हुई थी। मौके से कुछ पाकिस्तानी और अमेरिकी करेंसी के नोट भी मिले हैं

अपडेटेड Feb 23, 2026 पर 3:02 PM
जम्मू-कश्मीर में 'बैलून टैरर' की नई वारदात सामने आई है।

जम्मू-कश्मीर में 'बैलून टेरर' की नई वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के अखनूर इलाके में पुलिस को दो संदिग्ध गुब्बारे मिले हैं। ये गुब्बारे खौर थाना क्षेत्र के नीली नाला स्थित गुनारा गांव में बरामद हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ये गुब्बारे पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं।

पाकिस्तानी कनेक्शन आया सामने 

मिली जानकारी के मुताबिक गुब्बारों पर एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर छपा हुआ था। इसके साथ ही उन पर स्कैनर कोड जैसी एक प्रिंटेड तस्वीर भी बनी हुई थी। मौके से कुछ पाकिस्तानी और अमेरिकी करेंसी के नोट भी मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सभी सामान को अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने गुब्बारों और बरामद नोटों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।


की जा रही है मामले की जांच

अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये गुब्बारे कहां से आए और इन पर छपे मोबाइल नंबर और कोड का क्या मतलब है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विदेशी मुद्रा वहां कैसे पहुंची।

सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस घटना का कोई सीमा पार कनेक्शन है या फिर यह पहले बॉर्डर इलाकों में हुई ऐसी घटनाओं से जुड़ा मामला है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त सामान की शुरुआती जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।  इस घटना के बाद सीमा से सटे क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि भविष्य में इस प्रकार की किसी भी गतिविधि को सफल न होने दिया जाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।