मुंबई में सेलेब्रिटीज के घर ज्यादातर महंगे फर्नीचर और शानदार इंटीरियर के लिए जाने जाते हैं, लेकिन पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) का मड आइलैंड वाला घर इससे काफी अलग है। ‘रूप कथा’ (Roop Katha) नाम के इस घर में गांव जैसा सुकून और हरियाली देखने को मिलती है। यहां पेड़-पौधे, पक्षी और खुली जगह इसे एक शांत माहौल देते हैं।
पंकज त्रिपाठी ने मुंबई में ही गांव जैसा माहौल पाने की इच्छा के बारे में बताया है। घर की कुछ छोटी-छोटी बातें उनके घर को बाकी सेलिब्रिटी घरों से अलग बनाती हैं। यहां कई ऐसी चीजें हैं जो एक्टर को गांव के पुराने दिनों की याद दिलाती हैं।
ये कारण बनाते है पंकज त्रिपाठी के घर को खास
1. प्राकृतिक सुंदरता के बीच बसा है घर
घर के आसपास खुला लॉन, पेड़-पौधे और हरियाली है। आम और कटहल के पेड़ इस जगह को और भी शांत बनाते हैं। पंकज त्रिपाठी के लिए यह घर सिर्फ रहने या छुट्टियां मनाने की जगह नहीं है। यहां उन्हें शांति से समय बिताना पसंद है।
2. आज भी मिट्टी का चूल्हा है घर में
इस घर की खास चीजों में पारंपरिक मिट्टी का चूल्हा भी है। पंकज त्रिपाठी इस पर लिट्टी-चोखा जैसे देसी खाने बनाना पसंद करते हैं। मुंबई के मॉडर्न किचन से अलग यह चूल्हा घर में गांव वाला एहसास बनाए रखता है।
3. किचन की खिड़की की है खासियत इस कारण से
घर की खास बात है किचन की ये खिड़की, जो सीधे गार्डन की तरफ खुलती है। इससे पकौड़े, चाय और घर के बने लाजवाब व्यंजन आसानी से बाहर दिए जा सकते हैं।
4. फ्रिज के पानी से ज्यादा पसंद है मटके का पानी
पंकज त्रिपाठी को मिट्टी के घड़े का पानी पसंद है। उनका कहना है कि फ्रिज के बहुत ठंडे पानी के बजाय मटके का सामान्य ठंडा पानी उन्हें ज्यादा अच्छा लगता है।
5. फर्नीचर में दिखती है कारीगरी
‘रूप कथा’ में फर्नीचर भी खास तरीके से चुना गया है। यहां मैसूर के कारीगरों की बनाई रोजवुड डाइनिंग टेबल के साथ पारंपरिक फर्नीचर रखा गया है। यानी घर को महंगी चीजों के बजाय हाथ की कारीगरी और पुराने अंदाज से बनाया है।
6. बगीचे में पेड़-पौधों के बीच बिताते हैं समय
घर का बगीचा पंकज त्रिपाठी के लिए काफी खास है। यहां पेड़ों और पौधों के बीच पक्षियों को देखना और कुछ समय शांत बैठना उन्हें पसंद है। आम और कटहल के पेड़ों से घिरा यह हिस्सा घर को और ज्यादा प्राकृतिक बनाता है।
इस घर की खास बात सुकून है
रूप कथा में लग्जरी से ज्यादा शांति और सादगी पर ध्यान दिया गया है। मिट्टी का चूल्हा, मटके का पानी, पेड़-पौधे, पक्षी और खुली जगह मिलकर इसे ऐसा घर बनाते हैं जहां पंकज त्रिपाठी शहर की भागदौड़ से दूर कुछ समय आराम से बिता सकें।
यही वजह है कि उनका यह घर बाकी कई सेलिब्रिटी घरों से अलग नजर आता है। इसमें महंगे सामान का दिखावा कम और गांव की जिंदगी से जुड़ी छोटी-छोटी खुशियां ज्यादा दिखाई देती हैं।