फेस्टिवल सीजन की शुरुआत होते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। कपड़ों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और गहनों तक, बाजार में खरीदारों की चहल-पहल दिखाई दे रही है। खासकर पटना के ज्वैलरी मार्केट में इस बार धनतेरस और त्योहारों की खरीदारी को लेकर अभी से तैयारी शुरू हो गई है। कोई अपने बजट के हिसाब से सोने के गहनों की तलाश कर रहा है, तो कोई पसंदीदा डिजाइन और बेहतर कीमत पाने के लिए अलग-अलग दुकानों के चक्कर लगा रहा है। वहीं, कुछ ग्राहक ऐसे भी हैं जो धनतेरस तक कीमतों में संभावित बढ़ोतरी से बचने के लिए अभी से एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। पटना के सर्राफा बाजार में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के ऑफर भी दिए जा रहे हैं। इनमें रेट लॉक, रेट प्रोटेक्शन, डबल रेट प्रोटेक्शन और मेकिंग चार्ज पर छूट जैसी स्कीम शामिल हैं।
एडवांस बुकिंग से कीमत बढ़ने की चिंता होगी कम!
धनतेरस पर सोने की खरीदारी करने की प्लानिंग कर रहे ग्राहकों के लिए एडवांस बुकिंग एक ऑप्शन बनकर सामने आई है। इसकी खासियत यह है कि ग्राहक त्योहार से पहले ही अपनी पसंद के गहनों की बुकिंग कर सकते हैं और संबंधित दुकान की शर्तों के अनुसार कीमत को लॉक कराने का लाभ उठा सकते हैं।
उदाहरण के तौर पर, अगर कोई ग्राहक आज सोने के गहनों की बुकिंग कराता है और बुकिंग के समय का रेट लॉक हो जाता है, तो आने वाले दिनों में सोने की कीमत बढ़ने के बावजूद उसे तय शर्तों के अनुसार उसी लॉक किए गए रेट पर गहने मिल सकते हैं। इससे ग्राहकों को त्योहार के करीब कीमतों में संभावित तेजी से बचने में मदद मिल सकती है।
क्या है डबल रेट प्रोटेक्शन स्कीम
अगर दोनों दिनों के बीच सोने की कीमत में बदलाव होता है, तो ग्राहक को कम रेट का लाभ मिल सकता है। यानी अगर बुकिंग के बाद सोने का भाव बढ़ जाता है, तो ग्राहक को बुकिंग वाले दिन का कम रेट मिल सकता है। वहीं, अगर बिलिंग के दिन भाव नीचे आ जाता है, तो लागू नियमों के अनुसार कम रेट पर बिलिंग का फायदा मिल सकता है।
80 फीसदी भुगतान कर भी लॉक करा सकते हैं रेट
कुछ दुकानों पर ग्राहकों को एक और ऑप्शन दिया जा रहा है। इसके तहत अगर ग्राहक गहनों की कीमत का 80 फीसदी भुगतान कर देता है, तो बुकिंग के समय का सोने का रेट लॉक किया जा सकता है। इससे ग्राहक त्योहार के दिन या तय डिलीवरी अवधि में गहने लेने की योजना पहले से बना सकता है।
यह विकल्प उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्होंने धनतेरस पर खरीदारी का बजट तय कर रखा है और कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के जोखिम को कम करना चाहते हैं।
मेकिंग चार्ज पर छूट से भी बच सकता है पैसा
सोने की ज्वेलरी खरीदते समय केवल सोने का भाव ही मायने नहीं रखता। गहनों की डिजाइन, वजन और मेकिंग चार्ज भी अंतिम बिल को प्रभावित करते हैं। यही वजह है कि त्योहारों के दौरान कई ज्वेलर्स मेकिंग चार्ज पर विशेष छूट या दूसरे आकर्षक ऑफर देते हैं।
हर ऑफर के पीछे समझें अपनी दुकान की शर्तें
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार बताते हैं कि बाजार में प्री-बुकिंग और स्पेशल डिस्काउंट के नाम पर मिलने वाले ऑफर अलग-अलग ज्वेलर्स के अपने बिजनेस मॉडल के अनुसार तय किए जाते हैं। इन योजनाओं में कई तरह के नियम और शर्तें भी शामिल होती हैं। इसलिए ग्राहकों को किसी भी ऑफर का लाभ उठाने से पहले उसकी पूरी जानकारी लेनी चाहिए। इसमें रेट लॉक की शर्त, रिफंड का नियम सहित सभी जानकारियां जुटानी चाहिए।
अभी है खरीदारी का सही समय
उन्होंने यह भी बताया कि सोने की कीमतों में आई हालिया नरमी ग्राहकों के लिए खरीदारी का अवसर बन सकती है। सोना अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है और बीते एक सप्ताह से भी भाव कम बने हुए हैं। ऐसे में त्योहारों पर गिफ्ट देने से लेकर आगामी शादी-विवाह के लिए आभूषण खरीदने तक, ग्राहक अभी से अपनी जरूरतों के मुताबिक बजट तैयार कर सकते हैं। फेस्टिव सीजन के बाद वेडिंग सीजन की मांग को देखते हुए इस समय खरीदारी की योजना बनाना फायदेमंद साबित हो सकता है।
पटना से सच्चिदानंद की रिपोर्ट