Get App

पटना में धनतेरस के लिए शुरू हुई सोने की एडवांस बुकिंग, यहां मिल रहा रेट लॉक और डबल प्रोटेक्शन का बंपर ऑफर

पटना के ज्वैलरी मार्केट में इस बार धनतेरस और त्योहारों की खरीदारी को लेकर अभी से तैयारी शुरू हो गई है। पटना के सर्राफा बाजार में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के ऑफर भी दिए जा रहे हैं। इनमें रेट लॉक, रेट प्रोटेक्शन, डबल रेट प्रोटेक्शन और मेकिंग चार्ज पर छूट जैसी स्कीम शामिल हैं।

MoneyControl Newsअपडेटेड Oct 16, 2026 पर 10:50 AM
पटना में धनतेरस के लिए शुरू हुई सोने की एडवांस बुकिंग, यहां मिल रहा रेट लॉक और डबल प्रोटेक्शन का बंपर ऑफर
एडवांस बुकिंग के साथ बाजार में डबल रेट प्रोटेक्शन जैसी स्कीम भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।

फेस्टिवल सीजन की शुरुआत होते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। कपड़ों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और गहनों तक, बाजार में खरीदारों की चहल-पहल दिखाई दे रही है। खासकर पटना के ज्वैलरी मार्केट में इस बार धनतेरस और त्योहारों की खरीदारी को लेकर अभी से तैयारी शुरू हो गई है। कोई अपने बजट के हिसाब से सोने के गहनों की तलाश कर रहा है, तो कोई पसंदीदा डिजाइन और बेहतर कीमत पाने के लिए अलग-अलग दुकानों के चक्कर लगा रहा है। वहीं, कुछ ग्राहक ऐसे भी हैं जो धनतेरस तक कीमतों में संभावित बढ़ोतरी से बचने के लिए अभी से एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। पटना के सर्राफा बाजार में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के ऑफर भी दिए जा रहे हैं। इनमें रेट लॉक, रेट प्रोटेक्शन, डबल रेट प्रोटेक्शन और मेकिंग चार्ज पर छूट जैसी स्कीम शामिल हैं।

एडवांस बुकिंग से कीमत बढ़ने की चिंता होगी कम!

धनतेरस पर सोने की खरीदारी करने की प्लानिंग कर रहे ग्राहकों के लिए एडवांस बुकिंग एक ऑप्शन बनकर सामने आई है। इसकी खासियत यह है कि ग्राहक त्योहार से पहले ही अपनी पसंद के गहनों की बुकिंग कर सकते हैं और संबंधित दुकान की शर्तों के अनुसार कीमत को लॉक कराने का लाभ उठा सकते हैं।

उदाहरण के तौर पर, अगर कोई ग्राहक आज सोने के गहनों की बुकिंग कराता है और बुकिंग के समय का रेट लॉक हो जाता है, तो आने वाले दिनों में सोने की कीमत बढ़ने के बावजूद उसे तय शर्तों के अनुसार उसी लॉक किए गए रेट पर गहने मिल सकते हैं। इससे ग्राहकों को त्योहार के करीब कीमतों में संभावित तेजी से बचने में मदद मिल सकती है।

क्या है डबल रेट प्रोटेक्शन स्कीम

एडवांस बुकिंग के साथ बाजार में डबल रेट प्रोटेक्शन जैसी स्कीम भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इस योजना के तहत ग्राहक को बुकिंग के समय गहनों की कुल कीमत का लगभग 25% तक अग्रिम भुगतान करना पड़ सकता है। इसके बाद, योजना की निर्धारित शर्तों के अनुसार बुकिंग के दिन और बिलिंग के दिन के सोने के रेट की तुलना की जाती है।

अगर दोनों दिनों के बीच सोने की कीमत में बदलाव होता है, तो ग्राहक को कम रेट का लाभ मिल सकता है। यानी अगर बुकिंग के बाद सोने का भाव बढ़ जाता है, तो ग्राहक को बुकिंग वाले दिन का कम रेट मिल सकता है। वहीं, अगर बिलिंग के दिन भाव नीचे आ जाता है, तो लागू नियमों के अनुसार कम रेट पर बिलिंग का फायदा मिल सकता है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें