PM Modi Visit Keralam: पीएम मोदी ने केरलम में फूंका चुनावी बिगुल! कोच्चि में किया भव्य रोड शो, ₹10,000 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन

PM Modi Visit Kochi: पीएम नरेंद्र मोदी ने केरलम में 2018 में आई बाढ़ के दौरान मछुआरा समुदाय की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि कहा कि धीवारा सभा मछुआरों के अधिकारों के लिए 50 वर्ष से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कोच्चि केरलम के इतिहास में सामाजिक परिवर्तन की पवित्र भूमि रही है

अपडेटेड Mar 11, 2026 पर 2:49 PM
Char Dham Yatra 2026: 19 अप्रैल से शुरू होने वाली धारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है

PM Modi Visit Kochi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (11 मार्च) को केरलम पहुंचें। इस दौरान कोच्चि में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के चुनाव सम्मेलन का उद्घाटन सहित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कोच्चि में अखिल केरल धीवरा सभा के स्वर्ण जयंती सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केरल का नाम बदलकर 'केरलम' किया जाना मलयाली भाइयों के लिए खुशी का क्षण है।

इस दौरान पीएम मोदी ने केरलम में 2018 में आई बाढ़ के दौरान मछुआरा समुदाय की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि कहा कि धीवारा सभा मछुआरों के अधिकारों के लिए 50 वर्ष से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कोच्चि केरलम के इतिहास में सामाजिक परिवर्तन की पवित्र भूमि रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोच्चि में एक मेगा रोड शो भी किया।

10,000 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन


प्रधानमंत्री मोदी ने केरलम की अपनी यात्रा के दौरान 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का बुधवार को उद्घाटन किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने इस तटीय शहर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और रेल मंत्रालय सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की परियोजनाओं की शुरुआत की।

मोदी ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की कोच्चि रिफाइनरी में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत की एक पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखी। फिर दो प्रमुख हाईवे परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें से प्रत्येक की लागत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक है। साथ ही रेल क्षेत्र में 142 करोड़ रुपये की पहल राष्ट्र को समर्पित की।

प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में संपर्क सुविधा बेहतर बनाने और टिकाऊ परिवहन को मजबूत करने के उद्देश्य से एक नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने कार्यक्रम के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित तीन रेलवे स्टेशन षोरणूर जंक्शन, कुट्टिपुरम रेलवे स्टेशन और चंगनाशेरी रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन किया। करीब 52 करोड़ रुपये की कुल लागत से विकसित इन स्टेशन का आधुनिकीकरण किया गया है।

पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

  • PM मोदी ने कहा, "आज हम सब एक ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन रहे हैं। अखिल केरल धीवरा सभा आज अपनी 50वीं वर्षगांठ मना रहा है। पिछले 50 सालों से ये संगठन मछुआरा समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर काम कर रहा है। 50 साल की इस यात्रा में आपका परिश्रम, सेवा भाव जुड़ा है। मैं इस शुभ अवसर पर केरलम के सभी मछुआरा साथियों को धीवरा सभा के सदस्यों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।"
  • प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "समुद्र में जाने वाले मछुआरों की सुरक्षा भी हमारे लिए महत्वपूर्ण है। पहले हमारे मछुआरे भाई-बहन खुले समुद्र में जाते थे, तो उनके घरवाले उनके वापस आने तक चिंता और डर में डूबे रहते थे, क्योंकि समुद्र में मौसम को लेकर हमेशा आशंकाएं बनी रहती थीं। लेकिन अब ऐसा नहीं है। हमने सैटेलाइट के जरिए समुद्र में जाने वाले मछुआरे भाई-बहनों की सुरक्षा को और मजबूत किया है।"
  • पीएम मोदी ने कहा कि हमारा संकल्प है कि केरल के हर परिवार को खुशहाली मिले। यही विकसित भारत की नींव भी बनेगा। उन्होंने कहा कि हमें विकसित केरल की ओर ले जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज अखिल केरल धीवर सभा के 50 वर्ष के ये अवसर हमें उसके महान कामों को याद करने का मौका देता है। राष्ट्रीय चेतना से जुड़े हर विषय पर आपने आगे आकर ज़िम्मेदारी संभाली।"
  • पीएम मोदी ने कहा कि समुद्र में मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नावों में 4,500 से अधिक उपग्रह-आधारित ट्रांसपोंडर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मछुआरा समुदाय और उनकी गतिविधियों को मजबूत करने के लिए विभिन्न पहल की हैं। PM ने कहा कि समुद्र के रक्षा की कामना उसके लिए श्री कुरुम्बा देवी की पूजा और श्री कुरुम्बा मंदिरों के संरक्षण के लिए आपका प्रयास ये दिखाता है कि भारत सदियों से प्रकृति और पर्यावरण के लिए कितना संवेदनशील रहा है।

केरलम चुनाव के लिए फूंका चुनावी बिगुल

प्रधानमंत्री बुधवार सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर कोचीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे। इसके बाद वह नौसेना अड्डे गए। फिर सड़क मार्ग से 'मरीन ड्राइव' रवाना हुए। वहां उन्होंने अपने पहले कार्यक्रम के तहत धीवर सभा के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया। इसके बाद वह दोपहर करीब 12 बजे रोड शो में भाग लिया जो जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के एंट्री गेट से शुरू हुआ।

दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर पीएम मोदी केंद्र सरकार के एक आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। फिर पीएम मोदी ने स्टेडियम में NDA के चुनाव सम्मेलन का उद्घाटन किया। यह सम्मेलन केरल में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत है।

50 हजार कार्यकर्ता हुए शामिल

आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में लगभग 50,000 पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान NDA के कई सहयोगी दलों के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कोच्चि में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद पीएम मोदी करीब ढाई बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के लिए रवाना होंगे।

कोच्चि में मेगा रोड शो

NDA के चुनाव सम्मेलन के उद्घाटन सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए केरल पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कोच्चि में बुधवार को रोडशो किया। यह 300 मीटर लंबा रोडशो जवाहरलाल नेहरू अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित किया गया। उन्होंने फूलों से सजे खुले वाहन से भारी संख्या में स्थल पर मौजूद लोगों का अभिवादन किया। BJP के झंडे थामे और केसरिया रंग की टोपी पहने लोगों ने फूल बरसाकर तथा मोदी के समर्थन में नारे लगाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

ये भी पढे़ं- UP News: 'जीजा ने मुझे सपने में छेड़ा...'; नाबालिग साली का एयरफोर्स जवान पर फर्जी आरोप, 19 दिन जेल में रहने के बाद कोर्ट ने किया बरी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।