प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 20 अक्टूबर को पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड में दशहरा समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ की ओर से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड पहुंचने की संभावना है। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई जगहों पर ट्रैफिक के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में करीब 10 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
सुरक्षा के लिए किए गए खास इंतजाम
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दशहरा समारोह में शामिल होने को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के करीब 2,500 जवान तैनात रहेंगे। इनमें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की SWAT यूनिट के कमांडो भी शामिल होंगे। एक अधिकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री के शाम करीब 6:30 बजे पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड पहुंचने की संभावना है।
तीन स्तर पर सुरक्षा के इंतजाम
स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने आयोजन स्थल की सुरक्षा अपने हाथ में ले ली है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के लिए तीन स्तरों पर इंतजाम किए गए हैं। सबसे अंदर के सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी SPG के पास होगी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की प्रधानमंत्री सुरक्षा विंग के जवान और कमांडो तैनात रहेंगे। वहीं, सबसे बाहरी घेरे की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने का काम स्थानीय पुलिस को सौंपा गया है। प्रवेश द्वार पर सभी की जांच की जाएगी। आयोजकों की ओर से जारी वैलिड पास होने पर ही एंट्री मिलेगी।
पीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हर स्तर पर सतर्क हैं। उनके काफिले के रास्ते और कार्यक्रम स्थल के आसपास की ऊंची इमारतों पर खास नजर रखी जाएगी। किसी भी खतरे से निपटने के लिए कुछ इमारतों की छतों पर विशेष सुरक्षा टीमें भी तैनात होंगी। वहीं, प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर और बैग की जांच करने वाली मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा, सुरक्षा के लिए खोजी कुत्तों की टीम, क्विक रिस्पॉन्स टीम, एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद रहेंगी। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या वस्तु का पता लगाने के लिए पूरे परिसर की कई बार जांच भी की गई है।