Pulkit Mani: 'लगातार मिल रही धमकियां...'; मिमिक्री विवाद के बीच कॉमेडियन पुलकित मणि के 3 शो कैंसिल

Pulkit Mani: स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच नोएडा, लखनऊ और कानपुर में अपने निर्धारित तीन शो रद्द कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह विवाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में पुलकित की प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री के बाद शुरू हुआ

अपडेटेड Sep 21, 2026 पर 2:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Pulkit Mani: पुलकित ने दर्शकों से शो रद्द होने के कारण हुई असुविधा के लिए माफी मांगी

Pulkit Mani: एक रिपोर्ट के मुताबिक, स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच नोएडा, लखनऊ और कानपुर में अपने निर्धारित तीन शो रद्द कर दिए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, यह विवाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में पुलकित की प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री के बाद शुरू हुआ। पुलकित ने सबसे पहले इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने नोएडा शो के रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने इसके पीछे 'अप्रत्याशित परिस्थितियो' का हवाला दिया। पुलकित ने दर्शकों से शो रद्द होने के कारण हुई असुविधा के लिए माफी मांगी।

इसके बाद एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया कि नोएडा के अलावा यूपी की राजधानी लखनऊ और कानपुर के शो भी रद्द कर दिए गए हैं। कॉमेडियन ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार 'गुंडा एक्टिविस्ट्स' की ओर से धमकियां मिल रही थीं। हालांकि, उन्होंने कथित धमकियों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

राहुल गांधी के कार्यक्रम में की थी पीएम मोदी की मिमिक्री


शो रद्द करने का फैसला उस कार्यक्रम के एक दिन बाद आया, जिसमें पुलकित ने इंदौर में राहुल गांधी के छात्र-केंद्रित कार्यक्रम में PM मोदी की विवादित मिमिक्री की थी। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री की। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने उनकी आलोचना की। भगवा पार्टी ने आरोप लगाया कि इसमें प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां को लेकर भी संदर्भ था।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इस मिमिक्री की आलोचना करते हुए इसके पीछे की मंशा पर सवाल उठाए। बीजेपी के कई अन्य नेताओं सतीश पूनिया, बृज भूषण शरण सिंह, देवेंद्र फडणवीस, संजय सरावगी, रामचंदर राव और शाजिया इल्मी ने भी इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की। साथ ही कांग्रेस सांसद से माफी की मांग की।

कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी के आरोपों को खारिज किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां का मजाक नहीं उड़ाया गया। कांग्रेस नेताओं भूपेश बघेल, सज्जन सिंह वर्मा और राशिद अल्वीम ने भी कॉमेडियन का बचाव करते हुए इसे हास्य और मिमिक्री का हिस्सा बताया। राशिद अल्वी ने कहा कि इस दौरान राहुल गांधी दर्शकों के साथ हंस रहे थे।

छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर केंद्रित था कार्यक्रम

राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज’' कार्यक्रम छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित था। कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े अन्य विषयों को प्रमुखता से उठाया। पुलकित मणि द्वारा नोएडा, लखनऊ और कानपुर के शो रद्द किए जाने के बाद अब यह मामला राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ कथित धमकियों के आरोपों को लेकर भी चर्चा में है।

कॉमेडियन ने उड़ाया पीएम मोदी की मां का मजाक?

कांग्रेस की ओर से X पर शेयर किए गए वीडियो में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि को शनिवार को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के साथ प्रधानमंत्री मोदी की मिमिक्री करते देखा गया। इस दौरान मणि हंसते हुए मंच पर आए और गांधी को गले लगाते हुए कहा, "मेरे दोस्त, कैसे हैं आप?" इसपर गांधी ने जवाब दिया, "मैं ठीक हूं। आप कैसे हैं, मोदी जी?"

मणि ने जवाब दिया, "ग्रेट हरासमेंट (अत्यधिक उत्पीड़न)।" वह 'मेरे दोस्त' कहते हुए लगातार हंसते रहे। इस पर राहुल गांधी ने कहा, "आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा।" उन्होंने मणि से कहा, "मुझे और बताइए।" कॉमेडियन हंसते हुए गांधी को गले लगाते रहे और फिर दर्शकों की ओर इशारा करते हुए बोले, "मां को कुर्सी दो, मां।"

BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

PM मोदी की 'मिमिक्री' किए जाने के बाद BJP ने रविवार को कहा कि कांग्रेस एक सर्कस बन गई है। तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने X पर लिखा, "असंस्कारी नाराज फूफा।" गोयल ने कहा, "सस्ती राजनीति के लिए बार-बार प्रधानमंत्री मोदी का नाम घसीटने के मक़सद से मंच पर आने की जरूरत मुझे हमेशा हैरान करती है।" वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने गांधी की आलोचना करते हुए कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि जो पार्टी लगभग छह दशकों तक सत्ता में रही, वह ऐसे सर्कस में बदल जाएगी जो अपने ही सिमटते हुए समर्थकों का मनोरंजन करने में लगी है।"

उन्होंने कहा कि भारतीयों को इस बात का गर्व है कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय निर्वाचित नेता हैं। मंत्री ने कहा, "कांग्रेस पार्टी कॉमेडियन और मसखरों की पार्टी बन गई है! वे हमेशा के लिए बाहर हो गए हैं... आरआईपी।" रीजीजू ने गांधी से पूछा, "क्या आपको एक बुजुर्ग मां और भारत के प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाने में जरा भी शर्म नहीं आती?" उन्होंने X पर प्रधानमंत्री मोदी का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपने कार्यक्रम में आई एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगवाते हुए दिख रहे हैं।

ये भी पढ़ें- EPFO के तहत सैलरी लिमिट बढ़कर ₹25,000 हुई, आपके वेतन और पेंशन पर क्या असर होगा?

तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए BJP की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने X पर लिखा, "जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।" BJP के राष्ट्रीय सचिव संदीप पाठक ने मिमिक्री करने की घटना को लेकर गांधी पर निशाना साधा और इसे कांग्रेस की हताशा एवं पार्टी में बढ़ता बौद्धिक दिवालियापन बताया। राज्यसभा सदस्य पाठक ने कहा, "जब आप भारत के मूल्यों से दूर हो जाते हैं, तो आप भारत से भी दूर हो जाते हैं। और ठीक यहीं पर कांग्रेस रास्ता भटक गई है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।