Vande Bharat Train: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मंगलुरु और बेंगलुरु के बीच शनिवार से एक नई वंदे भारत सेवा शुरू होगी, जो तटीय क्षेत्र को राज्य की राजधानी से जोड़ेगी। शुक्रवार को यहां ट्रेन का निरीक्षण करने से पहले वैष्णव ने कहा- "यह एक बहुत महत्वपूर्ण सेवा है। यह कर्नाटक के दो प्रमुख केंद्रों को आपस में जोड़ेगी।"
उन्होंने बताया कि खड़ी ढलान वाले घाट सेक्शन से जुड़ी चुनौतियां, जिनमें विद्युतीकरण और ट्रेन में किए जाने वाले जरूरी बदलाव शामिल हैं - अब सुलझा ली गई हैं। मंत्री ने उडुपी में एक FM ट्रांसमीटर शुरू करने की भी घोषणा की। कोंकण रेलवे को भारतीय रेलवे में मिलाने के प्रस्ताव पर वैष्णव ने कहा कि इस दिशा में प्रयास चल रहे हैं, लेकिन इसके लिए केंद्र सरकार के अलावा महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल की राज्य सरकारों की सहमति जरूरी है।
उन्होंने कहा- "मैं चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अनुरोध कर रहा हूं। जब भी वे सहमत होंगे, यह काम हो सकता है। यह पूरी तरह से मुख्यमंत्रियों पर निर्भर करता है।"वैष्णव ने कहा कि रेल पटरियों को दोहरा (डबल) करना महत्वपूर्ण है और इस पर काम शुरू हो चुका है। इसके लिए फाइनल लोकेशन सर्वे और विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि घाट सेक्शन में दूसरी लाइन को कम ढलान (gradient) के साथ डिजाइन किया जा रहा है, ताकि मौजूदा लाइन पर आने वाली समस्याओं से बचा जा सके।
कर्नाटक के मंत्री एम. बी. पाटिल के इस दावे पर कि राज्य की प्रमुख रेलवे परियोजनाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, वैष्णव ने कहा कि यह बात "पूरी तरह से गलत" है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद ही कर्नाटक को न्याय मिला है। आज कर्नाटक में लगभग 75,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं।
उन्होंने बुलेट ट्रेन, स्लीपर वर्जन सहित कई वंदे भारत ट्रेनों और बड़े पैमाने पर स्टेशनों के पुनर्विकास (redevelopment) का उदाहरण दिया। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा काम पहले कभी नहीं देखा गया था। उन्होंने पाटिल से यह भी कहा कि वे राज्य में पिछली कांग्रेस सरकार के समय रेलवे बजट में मिले आवंटन की जांच कर लें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।