Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव का बिगुल बजा, 10 राज्यों की 37 सीटों पर 16 मार्च को होगी वोटिंग

Rajya Sabha Elections: राज्य सभा के चुनाव 10 अलग-अलग राज्यों में खाली हो रही सीटों को भरने के लिए किए जा रहे हैं, क्योंकि इन सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त होने वाला है। 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी और नामांकन भरने की आखिरी तारीख 5 मार्च तक होगी

अपडेटेड Feb 18, 2026 पर 12:22 PM
Story continues below Advertisement
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की प्रक्रिया फरवरी के अंत से शुरू हो जाएगी

Rajya Sabha Elections: भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनावी कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। ये चुनाव 10 अलग-अलग राज्यों में खाली हो रही सीटों को भरने के लिए किए जा रहे हैं, क्योंकि इन सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त होने वाला है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए है।

चुनाव का पूरा शेड्यूल

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की प्रक्रिया फरवरी के अंत से शुरू हो जाएगी:

  • अधिसूचना जारी होने की तारीख: 26 फरवरी
  • नामांकन भरने की आखिरी तारीख: 5 मार्च
  • नामांकन की जांच: 6 मार्च
  • नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 मार्च
  • मतदान और परिणाम: 16 मार्च को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे और उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी।


राज्यसभा के जिन 37 सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, वे मुख्य रूप से महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा, असम, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश इन राज्यों से आते है।

वोटिंग के लिए विशेष नियम

चुनाव आयोग ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतदान के नियमों को बहुत सख्त रखा है। बैलेट पेपर पर अपनी प्राथमिकता दर्ज करने के लिए विधायकों को केवल निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिए गए विशेष बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल करना होगा। किसी अन्य पेन या पेंसिल का उपयोग करने पर वोट अवैध घोषित कर दिया जाएगा।

EVM और VVPAT को लेकर जागरूकता अभियान

एक तरफ जहां राज्यसभा चुनाव की तैयारी है, वहीं आयोग असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में EVM और VVPAT के प्रति जागरूकता अभियान भी चला रहा है। अब तक 1.20 लाख से ज्यादा लोग प्रदर्शन केंद्रों (EDCs) पर जाकर वोटिंग मशीन की कार्यप्रणाली समझ चुके हैं। लगभग 1.16 लाख मतदाताओं ने मॉक वोट डालकर अपनी संतुष्टि दर्ज की है। मोबाइल वैन (MDVs) के जरिए अब तक 29,000 से अधिक मतदान केंद्रों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक किया जा चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।