झारखंड की राजधानी रांची में अगले कुछ वर्षों में बड़े शहरों के तर्ज पर स्मार्ट रोड देखने को मिलेगी। स्मार्ट रोड रांची में ध्रुवा के स्वामी विवेकानंद स्कूल से शुरू होकर जगन्नाथ मंदिर और झारखंड हाईकोर्ट के पास से गुजरते हुए नयासराय आरओबी तक (कुल 6.089 किलोमीटर) सिक्स लेन में विकसित होगी। इसमें बैठने के लिए खूबसूरत बेंच, ज़ेबरा क्रॉसिंग, साइकिल ट्रैक सब कुछ होगा।
पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार ने बताया, इसके अलावा नयासराय आरओबी से आगे रिंग रोड तक लगभग 2.12 किलोमीटर हिस्से का टू-लेन के रूप में चौड़ीकरण किया जाएगा। इन सड़कों पर सुव्यवस्थित फुटपाथ, सोलर पैनल, खूबसूरत लैंप जैसी कई चीजें होंगी। यह रांची का पहला स्मार्ट सिक्स लेन रोड होगा।
6 किलोमीटर लंबा स्मार्ट रोड
इस रोड की लंबाई लगभग 6 किलोमीटर के आसपास होगी और इस 6 किलोमीटर के सड़क में रंग-बिरंगे नाइट लैंप, इसके ऊपर लगे सोलर पैनल, फुटपाथ, बेंच, क्रॉसिंग सिग्नल होगा और फुटपाथ भी लोगों के चलने के लिए पूरी तरह व्यवस्थित होगा। यह फाइंड रेड पत्थर से बना होगा जो दिखने में किसी रेड कारपेट से कम नहीं लगेगा। सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड बनाए जाएंगे ताकि स्थानीय यातायात को सुगम बनाया जा सके।
धार्मिक स्थल से लेकर विधानसभा जाना होगा आसान
पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार बताते हैं, खासतौर पर सचिवालय, पुलिस मुख्यालय, धार्मिक स्थल जैसे जगन्नाथ मंदिर या फिर आप सीधे रिंग रोड निकल पाएंगे। साथ ही, सड़क बनाने में किसी प्रकार की गुणवत्ता से कोई खिलवाड़ नहीं किया जाएगा। इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। यह ट्रैफिक के दबाव को झेल पाए, इस तरीके से इस रोड को बनाई जाएगी
रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट