रांची लग्जरी प्रॉपर्टी का नया ठिकाना बनने जा रहा है। सिटी में 6 से 8 करोड़ के डुप्लेक्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। महंगी लग्जरी प्रॉपर्टी की बढ़ती मांग को देख कई नए प्रोजेक्ट शुरू हो चुके हैं। माना जा रहा है कि शहर के बेहतर हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से राज्य के बाहर रहने वाले लोग अब अपने घर लौटने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
6 से 8 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए इनक्वायरी
रियल स्टेट कंपनी होमली के संस्थापक दीपक ने कहा, " हमारे पास 5 से 6 करोड़ कीमत वाले डुप्लेक्स की काफी इनक्वायरी आ रही है। इसकी बड़ी वजह यह है कि अब रांची का माहौल बदल रहा है। ग्राहक स्पा, थिएटर, स्विमिंग पूल और हाई सिक्योरिटी जैसी चीजों की मांग कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि खासतौर पर कांके के आसपास के इलाके में लोग लग्जरी अपार्टमेंट चाहते हैं। इस वजह से इस इलाके में कई नए प्रोजेक्ट्स शुरू हुए हैं। इस इलाके में करीब 6-7 नए प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। प्रोजेक्ट्स तैयार होने से पहले ही करीब 50 फीसदी फ्लैट्स और डुप्लेक्स की बुकिंग हो चुकी है।
मिनी टाउन का रूप ले रहा इलाका
यह पूरा इलाका मिनी टाउन का रूप ले रहा है। इस इलाके में बन रहे प्रोजेक्ट्स में स्विमिंग पूल, एटीएम, ग्रॉसरी स्टोर, टेनिस कोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ ही सिक्योरिटी की काफी अच्छी व्यवस्था है। जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को सोसायटी से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती है। रियल एस्टेट कंपनियां भी लोगों की मांग को ध्यान में रख प्रोजेक्ट बना रही हैं।
कांके इलाके में ज्यादा प्रोजेक्ट्स की वजह
कांके इलाके में ज्यादा प्रीमियम प्रोजेक्ट्स लॉन्च होने की वजह यह है यह रांची के बाहरी एरिया में आता है। इसके आसपास खूबसूरत पहाड़ हैं। 10 किलोमीटर की दूरी पर पतरातु घाटी स्थित है। इस इलाके में नए प्रोजेक्ट्स के पर्याप्त जमीन है। हरा-भरा होने से गर्मी में भी यह इलाका ठंडा रहता है। इसके अलावा इस इलाके में ज्यादा भीड़भाड़ भी नहीं है।
किफायती नहीं आधुनिक सुविधाओं पर फोकस
दीपक ने कहा, "ग्राहकों की बातचीत से हमें लगता है कि अब लोगों का फोकस किफायती नहीं बल्कि आधुनिक सुविधाओं वाले घरों पर बढ़ा है। वे फ्लैट या डुप्लेक्स के लिए करोड़ों की कीमत चुकाने को तैयार हैं। इसलिए हमें भी उनकी जरूरतों के हिसाब से प्रोजेक्ट्स बनाने पड़ रह रहे हैं।"
(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)