रांची से एक दर्जन से अधिक पूजा स्पेशल ट्रेनें शुरू: एक दिन में 80,000 यात्री कर रहे सफर, यहां देखें पूरा शेड्यूल

Puja Special Trains: त्योहारी सीजन में रांची रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां सामान्य दिनों के 50 हजार के मुकाबले अब प्रतिदिन 80 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। इसे देखते हुए रेलवे ने बेंगलुरु, पटना और दिल्ली रूट पर एक दर्जन से अधिक पूजा स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं, जो नवंबर के अंत तक चलेंगी। जानें विभिन्न रूटों की इन ट्रेनों का पूरा टाइम टेबल

अपडेटेड Oct 21, 2026 पर 11:19 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल, रांची-शालीमार एक्सप्रेस और रांची-जयपुर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है

Ranchi Puja Special Trains: झारखंड की राजधानी रांची से विभिन्न शहरों के लिए एक दर्जन से अधिक पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। बेंगलुरु, पटना और उत्तर प्रदेश जैसे प्रमुख रूटों के लिए नवंबर तक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल, रांची-शालीमार एक्सप्रेस और रांची-जयपुर स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।

रांची मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह बताती हैं कि आम दिनों में रांची रेलवे स्टेशन से जहां 50,000 यात्री रोजाना सफर करते हैं, वहीं पूजा के दौरान यह संख्या बढ़कर 80,000 तक पहुंच गई है। यात्रियों की सहूलियत और महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे का वार रूम बनाया गया है और कई जरूरी कदम उठाए गए हैं।

प्रमुख पूजा स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल


ट्रेन संख्या 08616 (रांची-शालीमार पूजा स्पेशल): यह ट्रेन 14 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रात 11 बजे रांची से रवाना होगी। नामकोम, टाटीसिलवे, मुरी, झालिदा, कोटशिला, बोकारो स्टील सिटी और आद्रा होते हुए यह ट्रेन सुबह 6:10 बजे खड़गपुर पहुंचेगी और इसके बाद सांतरागाछी होते हुए सुबह 8:30 बजे शालीमार पहुंचेगी।

चारलापल्ली-पटना स्पेशल (03254): यह स्पेशल ट्रेन 22 अक्टूबर की रात 11 बजे चारलापल्ली से रवाना होकर 23 अक्टूबर की रात 1:45 बजे रांची पहुंचेगी और इसके बाद सुबह 11:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।

अजमेर-रांची-अजमेर साप्ताहिक पूजा स्पेशल: ट्रेन संख्या 09619 अजमेर-रांची का परिचालन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को होगा (कुल 9 ट्रिप)। वापसी में ट्रेन संख्या 09620 रांची-अजमेर 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी।

रांची-अलीपुरद्वार-रांची साप्ताहिक पूजा स्पेशल: ट्रेन संख्या 08661 रांची से 12 अक्टूबर से 9 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और 08662 अलीपुरद्वार-रांची 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी।

रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल: ट्रेन संख्या 02877 का परिचालन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और वापसी में ट्रेन संख्या 02878 का परिचालन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को किया जाएगा।

अन्य ट्रेनें: सांतरागाछी-अजमेर-सांतरागाछी साप्ताहिक स्पेशल भी रांची होकर चलेगी। इसके अलावा हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल पूजा स्पेशल और हटिया-सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु पूजा स्पेशल ट्रेनें भी यात्रियों के लिए उपलब्ध हैं। स्थानीय यात्रियों के लिए हटिया-बानो और बानो-हटिया अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 1 सितंबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन चल रही है।

रिपोर्ट- शिखा श्रेया

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।