झारखंड की राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन की सूरत बदलने जा रही है। इसे वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इस पर करीब 447 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। स्टेशन का काम पूरा होने पर यात्रियों को नई सुविधाएं मिलेंगी। नए स्टेशन को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
नई इमारत में 100 बेड की डॉरमेट्री
रांची रेलवे स्टेशन की नई इमारत में 100 बेड की डॉरमेट्री बनाई जा रही है। महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग दो डॉरमेट्री होंगी। प्रॉपर वॉशरूम से लेकर ब्रेस्टफीडिंग एरिया, कैंटीन, कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं यात्रियों को मिलेंगी। बताया जा रहा है कि स्टेशन के साऊथ गेट के खुल जाने के बाद मुख्य गेट पर लोड घट जाएगा।
दुर्गा पूजा के बाद दो टिकट काउंटर होंगे शुरू
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने कहा, "दुर्गा पूजा के बाद दो नए टिकट काउंटर भी खुल जाएंगे। दिसंबर में प्लेटफार्म नंबर 6 के ऑपरेशनल हो जाने की उम्मीद है। नई बिल्डिंग में भी कामकाज शुरू हो जाएगा। प्लेटफार्म नंबर 6 तैयार हो चुका है। यहां पर ट्रेन भी लूप में रुकती है। प्लेटफॉर्म पर एस्केलेटर का काम भी पूरा हो चुका है।"
मुख्य गेट पर यात्रियों का दबाव 50% घटेगा
लिफ्ट की फैसिलिटी शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। साऊथ गेट खुलने से मुख्य गेट पर यात्रियों की भीड़ 50 फीसदी तक कम हो जाएगी। हटिया से आने वाले लोग डायरेक्ट साऊथ गेट आ सकेंगे। उनको घूम कर मेन गेट की तरफ आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां यात्रियों के बैठने की व्यापक व्यवस्था होगी।
2 महीनों में यात्रियों की नई सुविधाएं मिलने लगेंगी
श्रेया सिंह ने बताया, " 2 महीने में यात्रियों को नई सुविधाएं मिलने लगेंगी। यात्रियों को नया एक्सपीरियंस होगा। यहां चार-पांच एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) भी लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को टिकट के लिए टिकट काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं रह जाएगी। इससे टिकट काउंटर पर भी लोड कम होगा।
(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)