ट्रिपल आईटी रांची के छात्र सक्षम को 1.25 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है। सक्षम कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के छात्र थे। उन्हें ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनी 'रूब्रिक' ने यह पैकेज दिया है। कंपनी ने उन्हें टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजर पद का ऑफर दिया है। रांची ट्रिपल आईटी के स्टूडेंट मिला यह अब तक का सबसे बड़ा ऑफर है।
दसवीं में मैथ्स में मिले थे 100 फीसदी मार्क्स
सक्षम ने कहा, "मैं उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला हूं। मेरा सेलेक्शन रांची ट्रिपल आईटी में हुआ था। 10वीं में मेरे मैथ्स में 100 फीसदी मार्क्स मिले थे। बोर्ड में मुझे 97.6% और 12th में 92.6 फीसदी मार्क्स मिले थे। कॉलेज में मेरा 9.2 सीजीपीए था। मैंने पढ़ाई पर निरंतर फोकस बनाए रखने की कोशिश की"
इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी कर चुके हैं सक्षम
सक्षम इससे पहले एक इंश्योरेंस कंपनी में काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा, "गुरुग्राम में मैंने केयर हेल्थ इंश्योरेंस में डेटा इंजीनियर के तौर पर करीब 7 महीने काम किया था। मेरी दिल्चस्पी क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा इंजीनियरिंग, कॉम्पिटेटिव प्रोग्रामिंग में थी। ऐसे में रुब्रिक से ऑफर मिलने पर मैंने स्वीकार कर लिया। इस कंपनी में मैं अपनी स्किल का इस्तेमाल कर सकता हूं।
प्रोग्रामिंग से जुड़ी समस्याएं कुछ ही देर में सॉल्व
ट्रिपल आईटी के प्रोफेसर डॉक्टर संतोष बताते हैं कि सक्षम काफी टैलेंटेड है। वह टेक्निकल प्रोग्रामिंग से जुड़ी समस्या को तुरंत सॉल्व कर देता था। उन्होंने कहा कि हमें पूरा भरोसा था कि सक्षम को आगे कई सफलताएं मिलने वाली हैं। उसकी खास बात यह है वह अपने काम के प्रति समर्पित रहता है और उसे इसमें आनंद आता है। वह लगातार 12-14 घंटे तक काम कर सकता है।
टेक्नोलॉजी में बचपन से ही दिलचस्पी
सक्षम ने कहा, "मेरा ज्यादा समय लाइब्रेरी में गुजरता था। मुझे टेक्निकल प्रोग्रामिंग या फिर डाटा एनालिसिस में मजा आता है। आप इसे मेरी हॉबी या मेरा पैशन कह सकते हैं। फिर मैंने इसे ही अपना करियर बनाने का फैसला किया। मुझे बचपन से ही टेक्नोलॉजी और इससे जुड़ी चीजों में दिलचस्पी थी। ट्रिपल आईटी में आने के बाद मुझे काफी सीखने को मिला। मैं पिछले 8 महीनों से बेंगलुरु में रुब्रिक के ऑफिस में हूं।
(रांची से शिखा श्रेया की रिपोर्ट)