Rare-earth metals : चीन ने शुक्रवार को कहा कि वह देश से सिविलियन इस्तेमाल के लिए रेयर-अर्थ मेटल्स के एक्सपोर्ट की इजाज़त देगा। चीन ने यह ऐलान ऐसे समय किया है जब भारत लगातार चीन से कीमती धातुओं के एक्सपोर्ट पर लगी पाबंदियों को हटाने की मांग कर रहा है। इन धातुओं का इस्तेमाल कई आधुनिक प्रोडक्ट्स बनाने में होता है। PTI ने चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन (Guo Jiakun) के हवाले से कहा कि कानूनों और नियमों के अनुसार रेयर अर्थ से जुड़ी चीज़ों पर चीन का एक्सपोर्ट कंट्रोल किसी खास देश को टारगेट नहीं करता है। जियाकुन भारत की उन मांगों पर जवाब दे रहे थे जिसमें रेयर अर्थ की सप्लाई फिर से शुरू करने की बात कही गई थी, जिस पर बीजिंग का लगभग एकाधिकार है।
