हालात बदले तो भारत-अमेरिका ट्रेड डील को री-बैलेंस किया जाएगा- पीयूष गोयल

Rising Bharat Summit 2026: अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर गोयल ने कहा कि डेयरी, मक्का, सोयाबीन, पोल्ट्री को US ट्रेड डील से छूट मिली है। भारत में कोई भी GM फूड नहीं आएगा। आगे कहा कि दुनिया भर में फैली अनिश्चितताओं के बावजूद, हमारा एक्सपोर्ट पिछले साल से ज्यादा होगा

अपडेटेड Feb 27, 2026 पर 1:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पीयूष गोयल ने कहा कि ट्रेड डील कॉम्पिटिटिव फायदे के बारे में ज्यादा है।

News18 राइजिंग भारत समिट 2026 में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर कहा कि स्थिति लगातार बदल रही है और आने वाले समय में डील में बदलाव संभव है। उन्होंने बताया कि ट्रंप प्रशासन की ओर से कुछ टिप्पणियां की गई हैं और उसके पास अन्य विकल्प भी मौजूद हैं। गोयल ने कहा कि विभिन्न स्तरों पर बातचीत जारी है और अगर हालात बदलते हैं तो समझौते को रीबैलेंस किया जाएगा।

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से पिछले साल भारत समेत करीब 60 देशों के खिलाफ जारी किए गए टैरिफ ऑर्डर्स को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। कोर्ट ने फैसले में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने बड़े लेवी लगाकर अपने अधिकार का गलत इस्तेमाल किया। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद ट्रंप ने अमेरिका में आने वाले इंपोर्ट पर टैरिफ को मौजूदा लागू रेट के अलावा पहले 10% और फिर 15% बढ़ा दिया।

पिछले साल से ज्यादा होगा एक्सपोर्ट


पीयूष गोयल ने कहा कि ट्रेड डील कॉम्पिटिटिव फायदे के बारे में ज्यादा है। 50% टैरिफ पर, हम बहुत बड़े नुकसान में थे। ट्रेड डील से लेदर, टेक्सटाइल, डायमंड, फार्मा, स्मार्टफोन जैसे लेबर ओरिएंटेड सेक्टर के लिए दरवाजे खुल जाएंगे। आगे कहा कि दुनिया भर में फैली अनिश्चितताओं के बावजूद, हमारा एक्सपोर्ट पिछले साल से ज्यादा होगा।

अमेरिका ने भारत पर अगस्त 2025 में 25 प्रतिशत का रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था। फिर रूस से तेल की खरीद को लेकर सजा के तौर पर भारतीय सामान पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया। इसके बाद भारत पर अमेरिका के नए टैरिफ की दर 50 प्रतिशत हो गई। हालांकि अमेरिका, रूस से तेल खरीद को लेकर लगाए गए 25 प्रतिशत के अतिरिक्त टैरिफ को 7 फरवरी 2026 से हटा चुका है।

Rising Bharat Summit 2026 Live

भारत में नहीं आएगा कोई भी GM फूड

अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर गोयल ने कहा कि डेयरी, मक्का, सोयाबीन, पोल्ट्री को US ट्रेड डील से छूट मिली है। हमने किसानों और डेयरी के हितों की रक्षा की है। भारत में कोई भी GM फूड यानि कि जेनेटिकली मॉडिफाइड फूड नहीं आएगा। यह डील हमारे हितों की रक्षा करती है। हमने हमारे MSMEs, मछुआरों को भी प्रोटेक्ट किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।