'मैंने तो कॉर्पोरेट टैक्स घटाया, लेकिन क्या आपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई?'; PM मोदी ने कारोबारियों से पूछा तीखा सवाल

PM Modi FICCI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (19 नवंबर) को नई दिल्ली में FICCI की बैठक के दौरान देश के कारोबारियों और उद्योग जगत के नेताओं से बड़ा सवाल किया। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट टैक्स की मूल दर 2014 के 30% से घटाकर 22 फीसदी कर दी गई है। PM ने पूछा कि सरकार ने कॉरपोरेट कर घटाया है, लेकिन क्या उद्योग जगत ने कर्मचारियों की संख्या और उनके वेतन में बढ़ोतरी की है

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 5:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PM Modi FICCI: पीएम मोदी ने कारोबारियों से पूछा कि सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स घटाया तो कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई क्या?

PM Modi FICCI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (19 नवंबर) को कॉर्पोरेट सेक्टर को दी गई टैक्स राहत की तारीफ की। लेकिन साथ ही कारोबारियों से यह भी पूछा कि क्या उन्होंने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई है या नए लोगों को काम पर रखा है? फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी समारोह में PM मोदी ने कॉर्पोरेट जगत से यह सुनिश्चित करने को कहा कि टैक्स में कटौती का फायदा कर्मचारियों तक भी पहुंचे। पीएम मोदी ने कारोबारियों पर तंज कसते हुए बिजनेस लीडर्स की ओर इशारा करते हुए कहा कि आपकी भूख इतनी है कि 'कितना ही खिलाओ, पेट भरता नहीं है।'

पीएम मोदी ने कहा कि कॉरपोरेट टैक्स की मूल दर 2014 के 30 प्रतिशत से घटाकर 22 फीसदी कर दी गई है। इसके अलावा, सालाना 12 लाख रुपये तक की व्यक्तिगत आय को भी टैक्स-मुक्त कर दिया गया है। उन्होंने पूछा कि सरकार ने कॉरपोरेट कर घटाया है। लेकिन क्या उद्योग जगत ने कर्मचारियों की संख्या और उनके वेतन में बढ़ोतरी की है।

'क्या आपने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई?'


पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "कॉर्पोरेट टैक्स की मूल दर 2014 में 30% थी। हमने उसे घटाकर 22% कर दिया। आज भारत में 12 लाख रुपये तक की कमाई पर कोई इनकम टैक्स नहीं है। मैंने तो 12 लाख तक इनकम टैक्स माफ कर दिया। क्या आपने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या आपने एम्प्लॉयी की संख्या बढ़ाई? मोदी जी आप करो, हम देख लेंगे.... क्या ऐसा ही चलेगा? आपकी भूख इतनी है कि कितना ही खिलाओ, पेट भरता नहीं...।" उनकी इस बात पर वहां मौजूद सभी कोराबारी हंस पड़े।

'टैक्सपेयर्स का सम्मान करके आगे बढ़ता है, गाली देकर नहीं'

उन्होंने यह भी कहा कि देश किसानों, छोटे उद्यमियों, वेल्थ क्रिएटर्स और टैक्सपेयर्स का सम्मान करके आगे बढ़ता है, गाली देकर नहीं...। और रिफंड अब हफ्ते में आ जाते हैं। PM मोदी ने कहा कि सरकार ने इनकम टैक्स में बड़ी राहत देने का फैसला तब लिया, जब उसे पता था कि शायद उद्योग जगत के नेता इन कदमों से पूरी तरह संतुष्ट न हों।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इनकम टैक्स में मिली इस राहत से लोगों की खरीदारी की क्षमता (परचेजिंग पावर) काफी बढ़ गई है। उन्होंने कारोबारियों से सरकार के इन प्रयासों को स्वीकार करने को कहा। उन्होंने कहा, "साथियों, हमारे पास इनकम टैक्स में इतनी बड़ी राहत देने का साहस था। इससे हमारे लोगों की खरीदारी की क्षमता काफी बढ़ गई है।"

PM मोदी ने इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने और रिफंड की प्रक्रिया में किए गए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस सिस्टम को इतना सरल बना दिया है कि करदाताओं का पैसा बेवजह कहीं फंस न जाए। उन्होंने पूछा, "आपको याद होगा, पहले एक पत्र पहुंचने में ही आठ महीने लग जाते थे। आज, क्या रिटर्न एक हफ्ते के भीतर प्रोसेस नहीं हो जाता?"

PM मोदी ने उद्योग जगत से जरूरी सुधारों के लिए सुझाव मांगे

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान उद्योग जगत से देश की आगे की वृद्धि के लिए जरूरी सुधारों के बारे में बिना किसी झिझक के सुझाव देने को कहा। प्रधानमंत्री ने कंपनियों से भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर ध्यान देने और कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश करने का भी आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12-13 वर्षों में अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और समाज के सभी वर्गों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत में विकास की रफ्तार बहुत तेज है। इसी तरह लोगों के गरीबी से बाहर निकलने की गति भी बहुत तेज है।

विश्व बैंक की लेटेस्ट रिपोर्ट का हवाला देते हुए PM मोदी ने कहा कि महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योगों, धन सृजित करने वालों और करदाताओं का सम्मान करने से आगे बढ़ता है, न कि उन्हें दिन-रात अपशब्द कहने से। पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उद्योग जगत के साथ पिछली सरकारों का अनुभव इतना खराब रहा है कि अब उन्हें भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा, "यह पुरानी सरकार नहीं है। यह मित्रों की सरकार है। यह दोस्ती निभाना जानती है और आप मेरे सच्चे मित्र हैं। इसलिए बिना किसी झिझक या संकोच के मुझे खुलकर लिखकर बताएं कि अभी किन चीजों में सुधार की जरूरत है।" उन्होंने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों तक निवेश से जुड़े हर दीर्घकालिक फैसले का आधार 'इंडिया फर्स्ट' को बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और उद्योगों के कारोबार को आगे बढ़ाने के नए अवसर भी खुलेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।