Sambhal Violence: संभल हिंसा मामले में मुख्य आरोपी मास्टरमाइंड शारिक साठा की संपत्ति कुर्क, कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने किया जब्त

Sambhal Violence: उत्तर प्रदेश के संभल हिंसा के कथित मास्टरमाइंड शारिक साठा की संपत्ति पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद जब्त कर ली है। अधिकारियों ने बुधवार को शारिक के घर पर कुर्की की कार्रवाई की। उसे यूपी पुलिस ने 24 नवंबर, 2024 को संभल में हुई हिंसा का मास्टरमाइंड बताया है

अपडेटेड Jan 21, 2026 पर 4:00 PM
Sambhal Violence: संभल तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई फरार आरोपी के खिलाफ अदालत के आदेश के बाद हुई है

Sambhal Violence: उत्तर प्रदेश के संभल में पिछले साल 24 नवंबर को हुई हिंसा के मुख्य आरोपी शारिक साठा की संपत्ति बुधवार (21 जनवरी) को कुर्क की गई। यह कार्रवाई साठा की चल एवं अचल संपत्तियों को कुर्क करने का एक अदालत द्वारा एक वारंट जारी करने के बाद की गई। अधिकारियों ने बताया कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नखासा पुलिस थानाक्षेत्र के दीपा सराय स्थित साठा के मकान पर कुर्की की कार्रवाई की गई।

संभल तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई फरार आरोपी के खिलाफ अदालत के आदेशों का पालन करते हुए भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 84 के तहत की जा रही है। तहसीलदार ने बताया, "हमने आरोपी के मकान की पहचान कर ली है और कुर्की की कार्रवाई कर रहे हैं। जिला पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद हैं।"

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) कुलदीप सिंह ने कहा कि चार पुलिस थानों और पीएसी की एक प्लाटून को तैनात किया गया है। उन्होंने पीटीआई से कहा, "हम साठा से जुड़ी अन्य संपत्तियों का भी ब्योरा जुटा रहे हैं।" उन्होंने बताया कि नखासा पुलिस थानाक्षेत्र के हिंदूपुरा खेड़ा निवासी शारिक साठा तय समय पर अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद उसे धारा 84 के तहत भगोड़ा घोषित किया गया। फिर संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी हुआ।


पुलिस अधीक्षक (SP) कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि साठा के मकान की कुर्की बुधवार को की गई। उसकी अन्य संपत्तियों का पता लगाने के लिए उसके साथियों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों ने कहा कि शारिक साठा लंबे समय से फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए कई छापे मारे गए। लेकिन उसका पता नहीं चल सका। अधिकारियों ने कहा कि उसके खिलाफ पहले कई गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे।

पुलिस ने शारिक साठा को एक कुख्यात वाहन चोर बताया है जो वाहन चोरी के कई मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने संभल हिंसा मामले में साठा को मुख्य आरोपी बनाया है। एसपी बिश्नोई ने कहा कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरार आरोपी को कौन मदद दे रहा था। वह इतने लंबे समय तक गिरफ्तारी से कैसे बचता रहा।

ये भी पढ़ें- Viral Video: 'जो अधिकारी मेरी नहीं सुनेगा, वो मेरे जूते की सुनेगा...'; उत्तराखंड BJP विधायक का विवादित बयान, वीडियो वायरल

उन्होंने कहा कि उसे ढूंढने और गिरफ्तार करने की कोशिशें लगातार जारी रहेंगी। पुलिस को संदेह है कि हो सकता है कि वह विदेश भाग गया हो। कुलदीप सिंह ने पत्रकारों को बताया कि कोर्ट ने संभल हिंसा मामले में कानूनी कार्रवाई के तहत शारिक सत्ता की चल और अचल संपत्तियों के लिए कुर्की वारंट जारी किए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।